IPL 2026 Qualifier 1: रजत पाटीदार की कप्तानी पारी और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को 92 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। RCB ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 254 रन बनाए, जवाब में GT की टीम 162 रन पर सिमट गई।
RCB vs GT Qualifier 1 2026: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने आईपीएल 2026 के क्वालीफायर-1 में गुजरात टाइटंस (GT) को 92 रन से हराकर फाइनल में शानदार एंट्री कर ली। कप्तान रजत पाटीदार की आक्रामक पारी और गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन के बूते आरसीबी ने एकतरफा जीत दर्ज की।
इस जीत के साथ RCB फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। वहीं हार के बावजूद गुजरात टाइटंस के पास फाइनल में पहुंचने का एक और मौका रहेगा। टीम अब 29 मई को क्वालीफायर-2 में उतरेगी।
विराट-पड्डिकल ने दिलाई तेज शुरुआत
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
टीम को पहला झटका 21 रन पर वेंकटेश अय्यर के रूप में लगा, जिन्होंने 19 रन बनाए। इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पड्डिकल ने दूसरे विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी कर पारी संभाली। कोहली ने 25 गेंदों में 43 रन बनाए, जिसमें 6 चौके शामिल रहे। वहीं पड्डिकल ने 30 रन की तेज पारी खेली।
कप्तान पाटीदार ने मचाया धमाल
94 रन पर तीन विकेट गिरने के बाद कप्तान रजत पाटीदार ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने क्रुणाल पांड्या के साथ चौथे विकेट के लिए 95 रन की अहम साझेदारी की।
क्रुणाल ने 28 गेंदों में 43 रन बनाए, जबकि पाटीदार ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए टीम को 250 के पार पहुंचाया। बाद में टिम डेविड और जितेश शर्मा ने भी तेज रन जोड़कर स्कोर को 254 तक पहुंचा दिया। गुजरात की ओर से कगिसो रबाडा और जेसन होल्डर ने दो-दो विकेट लिए।
162 रन पर सिमटी गुजरात टाइटंस
255 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत खराब रही। टीम ने शुरुआती विकेट जल्दी गंवा दिए और लगातार दबाव में नजर आई। साईं सुदर्शन 14 रन बनाकर आउट हुए, जबकि जोस बटलर 29 रन ही बना सके। गुजरात ने 88 रन तक अपने 8 विकेट गंवा दिए थे।
हालांकि राहुल तेवतिया ने संघर्ष करते हुए 68 रन की पारी खेली और मोहम्मद सिराज के साथ साझेदारी की, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके। पूरी टीम 19.3 ओवर में 162 रन पर ऑलआउट हो गई।
गेंदबाजों ने किया कमाल
आरसीबी की ओर से जैकब डफी सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 3 विकेट झटके। इसके अलावा भुवनेश्वर कुमार, रासिख सलाम डार और क्रुणाल पांड्या ने 2-2 विकेट लिए, जबकि जोश हेजलवुड को 1 सफलता मिली। इस शानदार जीत के साथ आरसीबी ने खिताब की ओर मजबूत कदम बढ़ा दिया है।
Sports – Patrika | CMS




