ग्रेटर नोएडा के सेक्टर म्यू स्थित ओमैक्स पाम ग्रीन्स सोसाइटी में एक महिला के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। यह घटना सोसाइटी की जीबीएम (जनरल बॉडी मीटिंग) के दौरान हुई। पीड़िता अमृता अरोड़ा ने आरोप लगाया है कि सोसाइटी के कुछ सदस्यों ने उनके पति के साथ विवाद के दौरान उन पर हमला किया। अमृता का कहना है कि जब वह अपने पति को बचाने पहुंचीं, तो आरोपियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की। इस धक्का-मुक्की में उन्हें खरोंचें आईं और उनके कपड़े भी फट गए। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान उनकी अस्मिता को ठेस पहुंचाने वाली हरकतें की गईं। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद पीड़िता ने दादरी पुलिस से शिकायत दर्ज कराई है। दादरी पुलिस ने बताया कि अमृता अरोड़ा की तहरीर के आधार पर थाने में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, प्राप्त तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है।


