अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो बदमाश गिरफ्तार:जोधपुर से बाड़मेर तक सैकड़ों सीसीटीवी खंगालकर दबोचे, कई वारदातों का हो सकता है खुलासा

अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो बदमाश गिरफ्तार:जोधपुर से बाड़मेर तक सैकड़ों सीसीटीवी खंगालकर दबोचे, कई वारदातों का हो सकता है खुलासा

जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस थाना मंडोर ने साइबर सेल और डीएसटी बाड़मेर के साथ एक संयुक्त व कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने थाना क्षेत्र से चुराई गई दो लग्जरी स्कॉर्पियो गाड़ियों के मामले में बाड़मेर के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह तकनीकी रूप से इतना माहिर था कि गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने हथकंडे बदल रहा था। पुलिस टीमों ने जोधपुर से लेकर पचपदरा (बाड़मेर) तक सैकड़ों सीसीटीवी कैमरे खंगाल कर इन्हें ट्रेस किया। आरोपियों के कब्जे से एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो बरामद कर ली गई है, वहीं इनसे वाहन चोरी की कई अन्य वारदातों का भी बड़ा खुलासा होने की पूरी संभावना है। एक ही इलाके से चोरी हुई थीं दो लग्जरी गाड़ियां पुलिस उपायुक्त (पूर्व) मनीष कुमार ने बताया कि पुलिस थाना मंडोर क्षेत्र में वाहन चोरी की दो बड़ी वारदातें हुई थीं। 28 मार्च 2026 को पुनित नगर निवासी धीरज गहलोत के घर के बाहर से रात के समय अज्ञात चोर उनकी ब्लैक स्कॉर्पियो (एस-11 मॉडल) चुरा ले गए थे। इसके बाद 13 मई 2026 को भानू विहार (फूलबाग) निवासी मोहन परिहार की सफेद स्कॉर्पियो भी घर के बाहर से चोरी हो गई। एक ही थाना क्षेत्र से दो लग्जरी वाहनों की चोरी को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आयुक्त शरत कविराज ने अपराधियों की धरपकड़ के विशेष निर्देश दिए थे। चार दिन का अनवरत अभियान और 3 टीमों का समन्वय एडीसीपी (पूर्व) वीरेन्द्र सिंह और एसीपी (मंडोर) अनिल शर्मा के सुपरविजन में मंडोर थानाधिकारी शेषकरण बारहठ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में पुलिस थाना बनाड़ के थानाधिकारी लेखराज सियाग को भी शामिल किया गया। जांच में सामने आया कि गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय है। इस पर पुलिस थाना मंडोर, साइबर सेल (जोधपुर पूर्व) और डीएसटी (बाड़मेर) ने आपसी समन्वय स्थापित किया। इन टीमों ने चार दिन तक अनवरत काम करते हुए जोधपुर से पचपदरा (बाड़मेर) तक के सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज चेक किए और आरोपियों को नामजद करने में सफलता हासिल की। बाड़मेर से दबोचे गए दोनों शातिर, पूछताछ जारी सटीक आसूचना और सतत निगरानी के जरिए पुलिस ने इस गिरोह के दो सदस्यों को दस्तयाब कर लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने जोधपुर में दोनों स्कॉर्पियो चुराने की वारदातें कबूल कर लीं। पुलिस ने बाड़मेर के बायतू भोपाजी (बेरड़ों की ढाणी) निवासी मुकेश कुमार सैन (25) पुत्र चनणाराम और सदर बाड़मेर (डाबलीसरा) निवासी रेखाराम जाट (20) पुत्र हनुमानराम को गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्जे से द्वितीय प्रकरण में चोरी हुई सफेद स्कॉर्पियो बरामद हो गई है। पुलिस की विशेष टीमों में बाड़मेर डीएसटी प्रभारी एसआई आदेश कुमार और जोधपुर पूर्व साइबर सेल के एएसआई राकेश सिंह का भी अहम योगदान रहा। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश और पहली स्कॉर्पियो की बरामदगी में जुटी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *