सीतापुर में सोमवार देर रात मौसम ने अचानक करवट ली और तेज हवाओं के साथ चली धूल भरी आंधी ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। मौसम विभाग द्वारा पहले से जारी अलर्ट के बीच देर रात आए तेज आंधी-तूफान और हल्की बूंदाबांदी से लोगों को भीषण गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन कई इलाकों में नुकसान की भी खबरें सामने आई हैं। रात में अचानक तेज हवाएं चलने लगीं, जिससे सड़कों पर धूल का गुबार छा गया। देखते ही देखते मौसम पूरी तरह बदल गया और कई क्षेत्रों में हल्की बारिश शुरू हो गई। लंबे समय से उमस और गर्मी से परेशान लोगों ने मौसम सुहाना होने पर राहत महसूस की। हालांकि तेज हवाओं की वजह से लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और कई स्थानों पर पेड़ गिर गए। शहर समेत ग्रामीण इलाकों में पेड़ गिरने से यातायात भी प्रभावित हुआ। कुछ जगहों पर विद्युत तार टूटने की सूचना मिली है, जिससे कई मोहल्लों और गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। रात में अचानक बिजली गुल होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। विद्युत विभाग की टीमें टूटे तारों और फॉल्ट को ठीक करने में जुट गई हैं। आंधी के दौरान लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। बाजारों और सड़कों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई दुकानदारों ने तेज हवाओं के अलर्ट के चलते अपनी दुकानें जल्दी बंद कर दी थी। मौसम विभाग ने पहले ही तेज आंधी और बारिश को लेकर चेतावनी जारी की थी। विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और पेड़ों व कमजोर ढांचों के पास खड़े न होने की अपील की है।


