SIP Investment Tips: वर्षों से कर रहे एसआईपी लेकिन नहीं बन रहा मोटा पैसा? कहीं ये गलतियां तो नहीं कर रहे आप

SIP Investment Tips: वर्षों से कर रहे एसआईपी लेकिन नहीं बन रहा मोटा पैसा? कहीं ये गलतियां तो नहीं कर रहे आप

Mutual Funds Tips: आज भारत में SIP यानी सिस्टेमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान मिडिल क्लास की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है। नौकरी लगते ही युवा पीढ़ी SIP करना शुरू कर देती है। माता-पिता बच्चों की पढ़ाई के लिए एसआईपी में निवेश कर रहे हैं। कारोबारी लोग अब एफडी, सोना और प्रॉपर्टी के साथ-साथ एसआईपी में भी पैसा लगा रहे हैं। लेकिन सिक्के का दूसरा पहलू थोड़ी चिंता बढ़ाने वाला है।

कई लोग सालों से एसआईपी चला रहे हैं, फिर भी उन्हें यह भरोसा नहीं हो पा रहा कि रिटायरमेंट आराम से कट पाएगा, बच्चों की पढ़ाई पूरी हो पाएगी या कोई बड़ा फंड बन पाएगा। यानी लोग निवेश तो कर रहे हैं, लेकिन कोई ठोस आउटकम नहीं निकल रहा। इसके पीछे असली दिक्कत यह है कि ज्यादातर एसआईपी बिना ठोस गणित के शुरू कर दी जाती हैं। असल में बहुत से लोग एसआईपी इसलिए शुरू करते हैं क्योंकि यह “अच्छी आदत” मानी जाती है। लेकिन आदत और सही फाइनेंशियल प्लानिंग में जमीन-आसमान का फर्क होता है।

सिर्फ SIP की रकम तय कर लेना काफी नहीं

अक्सर लोग SIP की रकम अपनी सुविधा देखकर चुनते हैं। किसी ने 5,000 रुपये की शुरू कर दी, क्योंकि उतना आराम से निकल जाता है। किसी ने 15,000 रुपये की इसलिए शुरू की, क्योंकि रकम बड़ी लगती है। कुछ हाई सैलरी वाले लोग 25,000 रुपये की SIP करके मान लेते हैं कि भविष्य सुरक्षित हो गया। लेकिन बहुत कम लोग बैठकर यह हिसाब लगाते हैं कि उनका असली गोल कितना बड़ा है।

क्या गलती कर रहे लोग?

एक बच्चे की हायर एजुकेशन पर 12 से 15 साल बाद 1 करोड़ से 1.5 करोड़ रुपये तक खर्च आ सकता है। अगर विदेश में पढ़ाई की बात हो, तो रकम और बढ़ सकती है। वहीं, बड़े शहरों में आरामदायक रिटायरमेंट के लिए 5 करोड़ से 10 करोड़ रुपये तक की जरूरत पड़ सकती है। अगर कोई व्यक्ति 15 साल तक हर महीने 10,000 रुपये की SIP करे और सालाना 12 फीसदी रिटर्न मिले, तो फंड करीब 50 लाख रुपये बन सकता है। सुनने में रकम बड़ी लगती है, लेकिन अगर टार्गेट 2 या 3 करोड़ रुपये का हो, तो यह काफी नहीं होगा। मतलब एसआईपी फेल नहीं हुई, शुरुआत का गणित ही कमजोर था। अधिकांश लोग कम निवेश इसलिए नहीं करते, क्योंकि वे गैर-जिम्मेदार हैं। असली वजह यह है कि किसी ने उन्हें उनके भविष्य के खर्च की असली तस्वीर दिखाई ही नहीं।

SIP शुरू करने से पहले खुद से पूछें ये सवाल

  • टार्गेट क्या है?
  • महंगाई जोड़ने के बाद भविष्य में कितने रुपयों की जरूरत होगी?
  • टार्गेट तक पहुंचने में कितने साल बाकी हैं?
  • वास्तविक रिटर्न कितना मानना चाहिए?
  • हर महीने कितने रुपये की एसआईपी जरूरी है?
  • हर साल एसआईपी कितनी बढ़ानी होगी?

सैलरी बढ़े तो SIP की रकम भी बढ़ाएं

भारत तेजी से बदल रहा है। लोगों की आय बढ़ रही है। लेकिन अगर आय बढ़े और एसआईपी न बढ़े, तो अतिरिक्त पैसा अक्सर लाइफस्टाइल पर खर्च हो जाता है। यही वजह है कि कई लोग अच्छी कमाई के बावजूद मजबूत निवेशक नहीं बन पाते।

यहां Step-Up SIP काफी काम आती है। अगर हर साल एसआईपी में सिर्फ 10 फीसदी की बढ़ोतरी की जाए, तो 15-20 साल बाद बनने वाला फंड सामान्य SIP से काफी बड़ा हो सकता है। इसके लिए बहुत आक्रामक निवेशक बनने की जरूरत नहीं है। बस निवेश को कमाई के साथ बढ़ाना जरूरी है।

जरूरत से ज्यादा फंड्स में निवेश भी नुकसानदायक

आजकल कई लोगों के पोर्टफोलियो में 12-15 या उससे ज्यादा म्यूचुअल फंड स्कीमें होती हैं। उन्हें लगता है कि वे बहुत ज्यादा डायवर्सिफाइड हैं। लेकिन असलियत में कई फंड एक जैसे शेयरों में पैसा लगाते हैं। नतीजा यह होता है कि निवेश बिखर जाता है और निवेशक खुद नहीं समझ पाता कि कौन-सा फंड किस काम के लिए रखा गया है। ज्यादातर निवेशकों के लिए 4 से 6 अच्छे फंड काफी होते हैं।

हर फंड की जिम्मेदारी साफ होनी चाहिए। जैसे- कौन-सा फंड लंबी अवधि में संपत्ति बनाने के लिए है। कौन सा फंड स्टेबिलिटी देगा। कौन मिडकैप या स्मॉलकैप एक्सपोजर देगा। कौन सा फंड रिटायरमेंट के लिए है। कौन सा फंड सिर्फ पिछले साल का शानदार रिटर्न देखकर खरीद लिया गया था। अगर किसी फंड का जवाब आखिरी वाले सवाल में आता है, तो उस पर दोबारा सोचने की जरूरत है।

हर गोल के लिए इक्विटी सही नहीं

बीते कुछ सालों में शेयर बाजार ने शानदार रिटर्न दिए हैं। इसी वजह से कई लोग हर गोल के लिए इक्विटी फंड चुनने लगे हैं। लेकिन यह सोच जोखिम भरी हो सकती है। अगर पैसा 2-3 साल में चाहिए, तो उसे पूरी तरह इक्विटी में रखना समझदारी नहीं मानी जाती। बच्चों की कॉलेज फीस, घर का डाउन पेमेंट या परिवार की जरूरी जिम्मेदारियों को रिटायरमेंट निवेश की तरह नहीं देखा जा सकता। सबसे जरूरी बात, इमरजेंसी फंड को कभी SIP निवेश के साथ मिलाकर नहीं देखना चाहिए।

यह नियम कर सकता है मदद

  • 3 साल के भीतर पैसा चाहिए तो निवेश को सुरक्षित विकल्पों में रखें।
  • 3 से 7 साल वाले लक्ष्यों में डेट या हायब्रिड फंड इस्तेमाल करें।
  • 7 साल से ज्यादा वाले लक्ष्यों में इक्विटी का हिस्सा बढ़ाया जा सकता है।

न लगाएं बहुत ज्यादा रिटर्न की उम्मीद

हाल के वर्षों में स्मॉलकैप और कुछ सेक्टर फंड्स ने शानदार रिटर्न दिए हैं। इसके बाद कई निवेशकों को 15-20 फीसदी सालाना रिटर्न सामान्य लगने लगा है। लेकिन आप इस भरोसे अपना गोल तय न करें कि हमेशा ऐसा रिटर्न मिलेगा। अगर आपको जल्दी गोल तक पहुंचना है, तो एसआईपी की रकम बढ़ाने का सोचे ना कि जरूरत से ज्यादा जोखिम लेने का।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *