Twisha Sharma Husband Samarth Singh- एक्ट्रेस और मॉडल ट्विशा शर्मा की आत्महत्या का मामला शुक्रवार को 360 डिग्री घूम गया। एक के बाद एक कई घटनाक्रम घटे। ट्विशा शर्मा सुसाइड केस को सीबीआइ को सौंप दिया गया। 11 दिन से एम्स भोपाल में रखे उनके शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम भी होगा। हाईकोर्ट ने इसके आदेश दे दिए। ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा की याचिका पर कोर्ट ने एम्स दिल्ली की टीम को भोपाल आकर दूसरा पोस्टमॉर्टम करने के निर्देश दिए। इसकी वीडियोग्राफी भी होगी। अग्रिम जमानत के लिए हाईकोर्ट पहुंचे 9 दिन से फरार ट्विशा के आरोपी पति समर्थ सिंह की याचिका भी जस्टिस अवनींद्र कुमार सिंह की बेंच ने खारिज कर दी। समर्थ गिरफ़्तारी से बचने हाईकोर्ट गया था। अब उसे भोपाल ले आया गया है। पुलिस आरोपी को आज कोर्ट में पेश करेगी। ट्विशा शर्मा के आरोपी पति समर्थ सिंह पर अब कमाई का भी संकट आ गया है। उसका बार लायसेंस सस्पेंड कर दिया गया है। इससे पहले मायके पक्ष की मांग के बाद राज्य सरकार ने केस सीबीआइ को ट्रांसफर करने की सिफारिश की।
समर्थ सिंह ने जबलपुर हाईकोर्ट में जमानत के लिए आवेदन किया था हालांकि इसे वापस ले लिया। उनके वकील ने याचिका वापस लेने की मंशा जताई थी। समर्थ ने जिला कोर्ट में सरेंडर करने की बात भी कही पर कोर्ट ने कहा, सरेंडर भोपाल कोर्ट में ही हो सकता है।
इसके बाद जबलपुर की ओमती पुलिस, वकीलों के सहयोग से समर्थ को हिरासत में लेकर थाने ले गई। बाद में उसे भोपाल पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस समर्थ सिंह को भोपाल लेकर आ चुकी है।
भोपाल के पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि ट्विशा शर्मा के आरोपी समर्थ सिंह को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। उससे पूछताछ के लिए भोपाल पुलिस कोर्ट से रिमांड मांगेगी। इधर ट्विशा की सास पूर्व जिला जज व उपभोक्ता फोरम की जज गिरीबाला सिंह की जमानत रद्द करने की याचिका भी लगी है जिसपर 25 मई को हाईकोर्ट में सुनवाई होगी।
एडवोकेट समर्थ का बार लाइसेंस सस्पेंड
पत्नी की संदिग्ध मौत के बाद पति समर्थ सिंह न केवल आरोपों के घेरे में है बल्कि उसकी कमाई के जरिए पर भी संकट आ गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) ने उसका बार लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया है।
BCI के चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा के आदेश पर शुक्रवार को यह कार्रवाई की गई है। एडवोकेट समर्थ सिंह का बार लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया गया है।


