आउट होने के बाद संजू सैमसन से भिड़े हेनरिक क्लासेन, अंपायर को करना पड़ा बीच बचाव, Video वायरल

आउट होने के बाद संजू सैमसन से भिड़े हेनरिक क्लासेन, अंपायर को करना पड़ा बीच बचाव, Video वायरल

IPL 2026 CSK vs SRH: आईपीएल 2026 का 63वां मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला गया, जहां हेनरिक क्लासेन और संजू सैमसन आपस में भिड़ गए। 

Sanju Samson-Heinrich Klaasen Video: चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में आईपीएल 2026 का 63वां मुकाबला खेला गया, जहां सनराइजर्स हैदराबाद ने शानदार जीत हासिल की। इस जीत के साथ एसआरएच को प्लेऑफ का टिकट मिल गया, वहीं गुजरात टाइटंस भी अंतिम चार में पहुंच गई। दूसरी ओर, हार के बावजूद चेन्नई सुपर किंग्स के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें बरकरार हैं, हालांकि उनकी राह बेहद मुश्किल हो गई है। इस रोमांचक मुकाबले में माहौल तब गरमा गया, जब हेनरिक क्लासेन आउट होने के बाद संजू सैमसन से भिड़ गए।

15वें ओवर में मचा बवाल

इस मुकाबले में जब सनराइजर्स हैदराबाद लक्ष्य का पीछा कर रही थी, तब 15वें ओवर में मैदान पर जमकर ड्रामा देखने को मिला। आपको बता दें कि नूर अहमद की गेंद पर संजू सैमसन ने हेनरिक क्लासेन का शानदार स्टंपिंग किया। क्लासेन ने 26 गेंदों में 6 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 47 रन की पारी खेली, लेकिन आउट होने के बाद वह संजू सैमसन से कुछ कहते हुए नजर आए। माहौल गरमाता देख चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाड़ियों ने संजू सैमसन को शांत कराया। बाद में बीच-बचाव करते हुए अंपायर भी आए और उन्होंने संजू सैमसन को समझाया। हालांकि दूसरी ओर आउट होने के बाद हेनरिक क्लासेन भी काफी गुस्से में नजर आए।

इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 180 रन बनाए। 181 रन के लक्ष्य को सनराइजर्स हैदराबाद ने 5 विकेट खोकर 19 ओवर में ही हासिल कर लिया। ईशान किशन ने 47 गेंदों में 70 रन की तूफानी पारी खेली, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस मुकाबले में संजू सैमसन ने 13 गेंदों में 27 रन की पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। टीम को शानदार शुरुआत देने के बाद वह पैट कमिंस का शिकार हो गए।

पैट कमिंस ने चटकाए 3 विकेट

हैदराबाद की ओर से पैट कमिंस ने 4 ओवर में सिर्फ 28 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि साकिब हुसैन ने 4 ओवर में 34 रन देकर 2 विकेट लिए। इसके अलावा हर्षल पटेल और ईशान मलिंगा को भी 1-1 सफलता मिली। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सिर्फ मुकेश चौधरी 2 विकेट हासिल कर पाए। इसके अलावा अंशुल कंबोज, नूर अहमद और अखिल हुसैन को 1-1 सफलता मिली।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *