प्रयागराज मंडल में 5 महीने में 1359 गिरफ्तार:अनावश्यक चेन पुलिंग पर रेलवे की कार्रवाई, मई में 182 पकड़े गए

प्रयागराज मंडल में 5 महीने में 1359 गिरफ्तार:अनावश्यक चेन पुलिंग पर रेलवे की कार्रवाई, मई में 182 पकड़े गए

उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में अनावश्यक अलार्म चेन पुलिंग (ACP) के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। रेल प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार, 1 जनवरी 2026 से 15 मई 2026 तक कुल 1359 लोगों को अनावश्यक चेन पुलिंग के आरोप में गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की गई है। अकेले मई 2026 में 182 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। रेल अधिकारियों के मुताबिक, बिना किसी आपात स्थिति के चेन पुलिंग करने से ट्रेनों की समयबद्धता प्रभावित होती है। इससे हजारों यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ता है और अचानक ट्रेन रुकने से सुरक्षा संबंधी खतरे भी बढ़ जाते हैं। इन समस्याओं को देखते हुए मंडल स्तर पर विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। गिरफ्तारियों के मासिक आंकड़ों पर गौर करें तो जनवरी में 274, फरवरी में 244, मार्च में 341, अप्रैल में 318 और मई में 182 लोगों को पकड़ा गया। यह अभियान ट्रेनों के सुचारु संचालन और यात्री सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। स्टेशनवार कार्रवाई में कानपुर सेंट्रल सबसे ऊपर रहा, जहां 195 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद टूंडला में 144, इटावा में 106, प्रयागराज जंक्शन में 101 और नैनी स्टेशन पर 96 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अलीगढ़ में 90, फतेहपुर में 86, मिर्जापुर में 80 और फफूंद स्टेशन पर 77 गिरफ्तारियां हुईं। इसके अतिरिक्त, शिकोहाबाद, प्रयागराज छिवकी, सूबेदारगंज, मानिकपुर, हाथरस, फिरोजाबाद, चुनार, दादरी और खुर्जा सहित कई अन्य स्टेशनों पर भी अभियान चलाकर कार्रवाई की गई है। रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अनावश्यक चेन पुलिंग एक दंडनीय अपराध है, जिसके लिए जुर्माना और कारावास दोनों का प्रावधान है। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे केवल आपात स्थिति में ही अलार्म चेन का प्रयोग करें। अनावश्यक चेन पुलिंग से न केवल यात्रियों को असुविधा होती है, बल्कि ट्रेनों के संचालन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। प्रयागराज मंडल ने दोहराया है कि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध यात्रा उपलब्ध कराने के लिए भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों पर सख्ती जारी रहेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *