राजस्थान के नीमराना क्षेत्र में हरियाणा सीमा से सटे रोडवाल टोल प्लाजा पर हुए जानलेवा हमले, तोड़फोड़ और रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गैंग का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल क्षेत्र के डोहर खुर्द गांव के दो युवक भी शामिल हैं। राजस्थान पुलिस के अनुसार 15 मई की रात करीब साढ़े 11 बजे बोलेरो और वरना कार में सवार बदमाश रोडवाल टोल प्लाजा पहुंचे थे। आरोपियों ने टोल कर्मचारियों के साथ मारपीट की, बूथों में तोड़फोड़ की और वाहन चढ़ाकर कर्मचारियों को जान से मारने का प्रयास किया। दो नारनौल के हमले में टोल कर्मचारी अभिषेक शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। बदमाशों ने टोल प्रबंधन से 50 हजार रुपए प्रतिमाह रंगदारी भी मांगी थी। गिरफ्तार आरोपियों में डोहर खुर्द निवासी धर्मवीर उर्फ आहू और केशव उर्फ सोनू के अलावा राजस्थान के रोडवाल निवासी मोनू उर्फ अंकित यादव उर्फ शूटर तथा भीटेड़ा निवासी विशाल उर्फ विशू उर्फ शूटर शामिल हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बोलेरो और वरना कार भी जब्त कर ली है। मुख्य आरोपी के खिलाफ कई मामले पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी मोनू उर्फ अंकित यादव के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं। वहीं डोहर खुर्द निवासी केशव उर्फ सोनू पर नारनौल सदर थाने में मारपीट, जान से मारने की धमकी और आर्म्स एक्ट के तहत तीन मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। नारनौल में भी केस धर्मवीर उर्फ आहू के खिलाफ राजस्थान और हरियाणा में लूट, डकैती, चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ नारनौल सदर थाना समेत राजस्थान के कई थानों में केस दर्ज हैं। दो आरोपी फरार पुलिस के अनुसार मामले में दो आरोपी अभी फरार हैं। इनमें विजयसिंहपुरा निवासी रोहित और नांगल चौधरी क्षेत्र के मोहनपुर निवासी संदीप उर्फ छोटू शामिल हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए हरियाणा और राजस्थान में लगातार दबिश दी जा रही है। अभियान लगातार जारी कोटपूतली-बहरोड़ जिला पुलिस की विशेष टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, साइबर तकनीक और खुफिया सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीमराना सुरेश कुमार खींची ने कहा कि सीमा क्षेत्र में सक्रिय बदमाशों और रंगदारी मांगने वाले गिरोहों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।


