धौलपुर जिला कलेक्टर श्रीनिधि बी टी ने सोमवार को जिला अस्पताल के MCH वार्ड का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में गुटखा खाने वालों को मौके से खदेड़कर जुर्माना लगाया और हाजिरी रजिस्टर में गड़बड़ी पाए जाने पर कर्मचारियों को फटकार लगाई। निरीक्षण की शुरुआत में कलेक्टर ने पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया, जहां अव्यवस्थाएं मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। इसी दौरान अस्पताल परिसर में कुछ लोग गुटखा खाते हुए पाए गए, जिन्हें कलेक्टर ने तुरंत वहां से हटाया और उन पर जुर्माना भी लगाया। सफाई व्यवस्था को लेकर जिला कलेक्टर विशेष रूप से नाराज दिखे। उन्होंने स्वयं हाजिरी रजिस्टर हाथ में लेकर पूरे अस्पताल का निरीक्षण किया। जांच में सफाई कर्मचारियों की लापरवाही और हाजिरी रजिस्टर में अनियमितता सामने आने पर संबंधित कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई गई। कलेक्टर ने अस्पताल परिसर में कई स्थानों पर गंदगी देखी। उन्होंने तत्काल अपने सामने सफाई करवाई और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि अस्पताल में साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस औचक निरीक्षण से अस्पताल स्टाफ में अफरा-तफरी का माहौल रहा। जिला कलेक्टर ने अस्पताल प्रशासन को सभी व्यवस्थाओं में सुधार लाने और नियमित रूप से उनकी निगरानी करने के निर्देश दिए।


