उदयपुर के हिरणमगरी इलाके में गर्मी की शुरुआत के साथ ही पानी की किल्लत गहराने लगी है। पानी की कम सप्लाई और कम प्रेशर से परेशान होकर क्षेत्र की महिलाओं ने जलदाय विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कांग्रेस नेता के नेतृत्व में सोमवार को बड़ी संख्या में महिलाओं ने सेक्टर 4 स्थित जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) के कार्यालय पर पहुंचकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाओं ने विभाग के कार्यालय प्रभारी को सांकेतिक रूप से खाली मटका सौंपकर अपना गुस्सा जाहिर किया। हिरणमगरी सेक्टर 4 की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, आदर्श नगर, न्यू विद्या नगर और ज्ञान नगर समेत कई कॉलोनियों की महिलाएं इस प्रदर्शन में शामिल हुई। महिलाओं का कहना है कि भीषण गर्मी के इस मौसम में घरों में जरूरत के मुताबिक पानी नहीं मिल पा रहा है। पानी की किल्लत के कारण रोजमर्रा के काम निपटाना भी मुश्किल हो गया है। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस के शहर जिला सचिव अमित श्रीवास्तव ने जलदाय विभाग के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए 10 दिन का अल्टीमेटम दिया है। अमित श्रीवास्तव ने बताया कि हिरणमगरी की कई कॉलोनियों में पेयजल सप्लाई का समय बेहद कम कर दिया गया है। इसके साथ ही पानी का प्रेशर भी इतना धीमा है कि लोगों के घरों की टंकियां तक नहीं भर पाती हैं। इस भारी समस्या से आम जनता बेहद परेशान हो रही है। जब जलदाय विभाग लोगों को पीने का पानी ही उपलब्ध नहीं करवा पा रहा है, तो फिर जनता इन खाली मटकों का अपने घरों में क्या करेगी? इसी वजह से यह खाली मटका विभाग को सौंपकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराया गया है। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के लोगों ने साफ लहजे में विभाग को चेतावनी दी है कि यदि आने वाले 10 दिनों के भीतर पेयजल व्यवस्था की टाइमिंग में सुधार नहीं किया गया और पानी का प्रेशर नहीं बढ़ाया गया, तो क्षेत्र की जनता चुप नहीं बैठेगी। तय समय में समाधान नहीं होने पर जलदाय विभाग के इस ऑफिस पर उग्र आंदोलन करते हुए ताला लगा दिया जाएगा।


