Mumbai Air IndiaAir India Staff Strike: मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA) से यात्रा करने वाले सैकड़ों यात्रियों को सोमवार को उस समय भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, जब एयर इंडिया की दर्जनों उड़ानें अचानक प्रभावित हो गईं। वेतन वृद्धि और अन्य प्रशासनिक मांगों को लेकर ‘एआई एयरपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड’ (AIASL) के ग्राउंड हैंडलिंग स्टाफ ने बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक हड़ताल कर दी। इस विरोध प्रदर्शन के कारण मुंबई से आने-जाने वाली उड़ानों का शेड्यूल पूरी तरह बिगड़ गया और यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
90 मिनट से 2 घंटे तक लेट हुईं उड़ानें
आपको बता दें कि ग्राउंड स्टाफ के अचानक काम बंद करने से मुंबई हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाली लगभग 15 से अधिक उड़ानों में 90 मिनट से लेकर दो घंटे तक की भारी देरी दर्ज की गई। इस हड़ताल का सबसे बुरा असर उड़ानों के संचालन और बैगेज हैंडलिंग (सामान उतारने-चढ़ाने) पर पड़ा। हालत यह हो गई कि कई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के यात्री लैंडिंग के बाद भी घंटों तक विमान के अंदर ही कैद रहने को मजबूर हो गए।
एयरपोर्ट पर यात्रियों की भारी परेशानी
मुंबई एयरपोर्ट पर अव्यवस्था का ऐसा हाल देखने को मिला कि यात्रियों को विमान से उतरने और अपना सामान लेने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। कई यात्रियों ने आरोप लगाया कि उन्हें समय पर कोई जानकारी भी नहीं दी गई, जिससे एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई।
रनवे पर लैंडिंग के बाद भी विमान में बैठे रहे यात्री
हैदराबाद से मुंबई पहुंची एयर इंडिया की फ्लाइट सुबह 11:45 बजे रनवे पर उतर गई थी, लेकिन यात्रियों को करीब एक घंटे से ज्यादा समय तक विमान के अंदर ही बैठाए रखा गया। बाहर निकलने के बाद भी यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा, क्योंकि ग्राउंड स्टाफ की हड़ताल के चलते सामान की डिलीवरी प्रभावित हो गई थी।
बिजनेस मीटिंग छूटने से यात्री नाराज
पुणे के कारोबारी सुजीत दिलीप (50) ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए बताया कि उन्हें दोपहर 2 बजे के आसपास जाकर सामान मिल सका। उन्होंने कहा, ‘हम सुबह लैंड हो गए थे, लेकिन दोपहर 1 बजे तक विमान से बाहर नहीं निकल पाए। बाद में पता चला कि ग्राउंड स्टाफ हड़ताल पर है। इस लापरवाही की वजह से मुंबई में मेरी बेहद जरूरी बिजनेस मीटिंग छूट गई।’


