Hemang Badani on Mitchell Starc: अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली में राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट से हराने के बाद भी दिल्ली कैपिटल्स के हेड कोच हेमांग बदानी खुश नहीं हैं। उन्होंने मिचेल स्टार्क को देर से रिलीज करने पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) के फैसले पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
Hemang Badani on Mitchell Starc: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने रविवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) को 5 विकेट से हराकर प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी धुंधली उम्मीदों को जिंदा रखा है। इस जीत के साथ ही दिल्ली के अब 12 पॉइंट्स हो गए हैं और वह चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और राजस्थान रॉयल्स की बराबरी पर आ गई है। लेकिन इस शानदार जीत के बाद भी दिल्ली के खेमे में एक अलग ही बहस छिड़ गई है। मैच खत्म होने के बाद हेड कोच हेमांग बदानी ने मीडिया से बात करते हुए उस मुद्दे पर अपनी भड़ास निकाली, जिसने इस पूरे सीजन में दिल्ली का खेल बिगाड़ा है और वो मुद्दा विदेशी खिलाड़ियों की उपलब्धता (Availability) है।
‘मेरे सारे खिलाड़ी मेरे साथ…’ – हेमांग बदानी
कोच हेमांग बदानी ने साफ शब्दों में कहा कि विदेशी क्रिकेट बोर्ड्स के मनमाने फैसलों की वजह से आईपीएल फ्रेंचाइजीज लाचार हो जाती हैं। उन्होंने कहा, ‘एक कोच के तौर पर मैं बिल्कुल चाहूंगा कि मेरे सारे खिलाड़ी पहले दिन से मेरे साथ रहें। मिचेल स्टार्क हमारी टीम के सबसे बड़े खिलाड़ियों में से एक हैं। हमने उन पर बड़ा भरोसा जताया है और भारी निवेश किया है, क्योंकि हम जानते हैं कि वह अकेले दम पर मैच जिता सकते हैं। लेकिन अगर कुछ चीजें मेरे पे-ग्रेड (अधिकार क्षेत्र) से बाहर हैं और क्रिकेट एसोसिएशन या गवर्निंग बॉडीज मिलकर कोई फैसला लेती हैं, तो एक फ्रेंचाइजी या कोच के तौर पर हम बहुत ज्यादा कुछ नहीं कर सकते।’ उन्होंने बाकी ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों का उदाहरण देते हुए कहा कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने जोश हेजलवुड और पैट कमिंस के मामले में भी ऐसा ही किया था।
स्टार्क ने पलटा मैच, कोच ने बांधे तारीफों के पुल
इस मैच में मिचेल स्टार्क ने दिखा दिया कि दिल्ली कैपिटल्स उन्हें हर मैच में क्यों खिलाना चाहती थी। राजस्थान रॉयल्स एक समय 14 ओवर में 160 रन बनाकर बेहद मजबूत स्थिति में थी, लेकिन स्टार्क ने एक ही ओवर में 3 विकेट लेकर पूरी बाजी पलट दी और मैच में कुल 4 विकेट चटकाए।
हेमांग बदानी ने स्टार्क की जमकर तारीफ की और उन्हें युवा खिलाड़ियों के लिए एक बेहतरीन रोल मॉडल बताया। बदानी ने कहा, ‘खेल की दुनिया में स्टार्क से बेहतर रोल मॉडल नहीं हो सकता। मैच से पहले उनकी तैयारी, वर्क एथिक्स और खुद की प्लानिंग कमाल की होती है। ऐसा जज्बा तो मुझे आज के कई युवा लड़कों में भी नहीं दिखता। यही वजह है कि वह इतने लंबे समय से इंटरनेशनल क्रिकेट में टिके हुए हैं।’
Sports – Patrika | CMS


