नेपानगर अखबारी कागज मिल में दूसरी मशीन शुरू:दो साल बाद उत्पादन के लिए दूसरी मशीन भी तैयार,मार्च में एक मशीन हुई थी शुरू

नेपानगर अखबारी कागज मिल में दूसरी मशीन शुरू:दो साल बाद उत्पादन के लिए दूसरी मशीन भी तैयार,मार्च में एक मशीन हुई थी शुरू

बुरहानपुर जिले के नेपानगर स्थित एशिया की पहली अखबारी कागज मिल ‘नेपा लिमिटेड’ में दूसरी मशीन भी चालू हो गई है। शुक्रवार शाम को दो नंबर मशीन ने कागज उत्पादन के लिए सुचारू रूप से काम करना शुरू कर दिया है। इससे पहले मार्च महीने में एक नंबर मशीन का ट्रायल कर उसे भी शुरू किया गया था। खास बात यह है कि मिल ने यह बड़ी उपलब्धि बिना किसी विशेष आर्थिक पैकेज के हासिल की है, जो उसकी क्षमता को दर्शाती है। सूत्रों के अनुसार, करीब दो साल के लंबे अंतराल के बाद मशीन नंबर दो को चालू किया जा सका है। इस उपलब्धि से नेपा मिल के अधिकारियों और कर्मचारियों में भारी उत्साह का माहौल है। वर्तमान में यह मशीन सामान्य रूप से काम कर रही है और इसकी गति लगभग 280 मील प्रति घंटा दर्ज की गई है। आने वाले समय में इसकी गति को धीरे-धीरे 350 मील प्रति घंटा तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। तकनीकी टीम रख रही पैनी नजर
नेपा मिल के सीएमडी नरेश सिंह ने पहले ही घोषणा की थी कि दो नंबर मशीन जल्द चालू की जाएगी, जो अब सच साबित हुई है। चूंकि मशीन दो साल बाद चालू हुई है, इसलिए अधिकारी और तकनीकी टीम इसके हर छोटे-बड़े पैरामीटर पर बारीकी से नजर रख रही है ताकि भविष्य में कोई तकनीकी रुकावट न आए। अब तक 1000 टन कागज का उत्पादन
पिछले दिनों एक नंबर मशीन चालू होने के बाद से अब तक मिल में करीब 800 से 1000 टन कागज का सफलतापूर्वक उत्पादन किया जा चुका है। यह उत्पादन ऐसे समय में हुआ है जब मिल को केंद्र सरकार से कोई वित्तीय सहायता नहीं मिली है। मिल प्रबंधन और कर्मचारी अब केंद्र सरकार से आर्थिक पैकेज मिलने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, ताकि नेपा लिमिटेड अपनी पुरानी मजबूत स्थिति में लौट सके और कागज उत्पादन के क्षेत्र में फिर से अग्रणी बन सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *