पंजाब सरकार की ओर से चलाई जा रही ‘मेरी रसोई’ स्कीम के तहत जिले के नीले राशन कार्ड धारकों को जल्द राहत मिलने जा रही है। योजना के तहत जल्द ही डिपो स्तर पर राशन किट पहुंचाई जाएगी, जिससे जिले के 1 लाख 2 हजार 474 लाभार्थी परिवारों को फायदा मिलेगा।
जानकारी के अनुसार, जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने योजना की तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं और डिपो होल्डर्स को वितरण संबंधी दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। सरकार द्वारा यह राशन किट साल में 4 बार वितरित की जाएगी। हर 3 महीने बाद पात्र परिवारों को यह सुविधा मिलेगी।
हर किट में होंगी पांच जरूरी वस्तुएं
सरकार द्वारा दी जाने वाली इस राशन किट में पांच जरूरी खाद्य सामग्री शामिल की गई हैं। इसमें 2 किलो दाल, 2 किलो चीनी, 1 किलो नमक, 1 लीटर सरसों का तेल और 200 ग्राम चाय पत्ती दी जाएगी। कुल मिलाकर एक किट का वजन लगभग 6 किलो 200 ग्राम होगा।
9 मई को हुई थी योजना की शुरूआत
पंजाब सरकार ने ‘मेरी रसोई’ योजना की शुरूआत 9 मई 2026 को की थी। इस योजना के तहत पूरे पंजाब में लगभग 40 लाख नीले राशनकार्ड धारकों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। राज्य सरकार इस योजना पर करीब 9 करोड़ रुपए खर्च कर रही है।
ई-केवाईसी का कार्य भी लगभग पूरा
जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लाभार्थियों की ई-केवाईसी प्रक्रिया भी लगभग पूरी कर ली गई है। जिले के करीब 500 डिपो धारकों में से अधिकांश का सत्यापन कार्य पूरा हो चुका है। विभाग द्वारा डिपो स्तर पर अलग-अलग जोन बनाकर कार्य किया गया, ताकि वितरण प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न आए।
जरूरतमंद परिवारों को मिलेगी राहत
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद परिवारों को महंगाई के दौर में राहत देना है। राशन किट मिलने से घरेलू जरूरतों का कुछ हद तक बोझ कम होगा। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, पहले चरण की किटें जल्द डिपो पर पहुंच जाएंगी और इसके बाद लाभार्थियों को वितरण शुरू कर दिया जाएगा।


