नमस्कार, कानपुर में कल (शुक्रवार) की बड़ी खबरें… सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने मीडिया के सामने कुर्ता निकालकर फेंक दिया। उन्होंने कहा- मैं संकल्प लेता हूं कि जब तक स्कूल नहीं बनेगा, तब तक कुर्ता और जूता-चप्पल नहीं पहनूंगा। उन्होंने डमरू भी बजाया और कहा- बच्चों का सपना अधूरा है, बाबा भोलेनाथ उसे पूरा करेंगे। नगर निगम की ओर से कानपुर शहर की सफाई व्यवस्था निजी हाथों में दिए जाने के विरोध में 6 हजार सफाई कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। शहर में 1350 मीट्रिक टन कूड़ा सड़कों पर पड़ा रहा। सुबह से सफाई कर्मियों ने जोन कार्यालय पर ताले जड़ दिए। कानपुर की ऐसी ही 10 बड़ी खबरों से गुजरने के लिए ऊपर वीडियो पर क्लिक करें…। सिलसिलेवार पढ़िए 10 खबरें- 1- सपा विधायक ने सबके सामने कुर्ता उतारकर फेंका: जूता-चप्पल न पहनने की कसम खाई, BJP नेता बोले- ड्रामेबाज कानपुर में सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने शुक्रवार को मीडिया कर्मियों के सामने कुर्ता निकालकर फेंक दिया। उन्होंने कहा- मैं संकल्प लेता हूं कि जब तक स्कूल नहीं बनेगा, तब तक कुर्ता और चप्पल नहीं पहनूंगा। उन्होंने डमरू भी बजाया और कहा- बच्चों का सपना अधूरा है, बाबा भोलेनाथ उसे पूरा करेंगे। सपा विधायक के प्रण पर सांसद रमेश अवस्थी के प्रतिनिधि और भाजपा नेता सुरेश अवस्थी ने कहा- यह ड्रामेबाज विधायक हैं। ये बिना पानी के स्विमिंग पूल में तैरते हैं। इनकी बातों में किसी को नहीं आना चाहिए। मैं स्कूल की बिल्डिंग तोड़ने के टेंडर में भ्रष्टाचार का विरोध कर रहा हूं। पढ़ें पूरी खबर… 2- चाची ने भतीजी को हीटर से जलाया: भाई ने पुलिस को फोन किया, बोला- जल्दी आकर बहन को बचा लीजिए कानपुर में चाची ने भतीजी को हीटर से जला दिया। यह देखकर भाई चिल्ला उठा और तुरंत डायल 112 पर कॉल करके मदद मांगी। पुलिस अंकल से बोला- जल्दी आ जाइए, मेरी बहन को चाची जला रही हैं। हम लोगों को ये मार डालेंगी। गुरुवार शाम 5 बजकर 55 मिनट पर मिली सूचना पर डायल 112 की गाड़ी पहुंची। यहां किशोर के साथ उसके 11 और चार साल के दो भाई और नौ साल की बहन मौजूद थी। बच्चों ने घाव दिखाकर कहा- चाची खाना मांगने पर बुरी तरह से पीटती हैं। सभी के पीठ, हाथ, हथेली, जांघ, सिर व अन्य हिस्सों में चोटों के निशान थे। पढ़ें पूरी खबर… 3- 5 साल की बच्ची से बैड टच: पड़ोसी ने स्कूल जाते समय छेड़खानी की, FIR के बाद जांच में जुटी पुलिस कानपुर के बिठूर में स्कूल से घर जा रही मासूम को मोहल्ले के एक मनचले ने अपनी दुकान में खींच लिया और उसके साथ अश्लील हरकते की। ज़ब मासूम घर पहुंची तो परिजनों को पूरी घटना बताई। मामले में जानकारी होने पर परिजन युवक घर शिकायत करने पहुंचे तो गुस्साए परिजनों ने पीड़ित परिवार के साथ मारपीट कर दी। जिसके बाद परिजनों ने 112 नंबर डायल कर घटना की जानकारी परिजनों को दी। जानकारी मिलते ही बिठूर थाने का फ़ोर्स मौके पर पहुंचा और आरोपी युवक को चौकी ले आये। युवक को कुछ देर तक पुलिस ने चौकी में बिठाये रखा उसके बाद कुछ लोगों की पैरवी आने पर उसे छोड़ दिया। पढ़ें पूरी खबर… 4- मौसम बदला, बिल्हौर में बारिश: 20 मई तक हीटवेव का अलर्ट, 40°C तक पहुंचा तापमान कानपुर में अचानक मौसम बदल गया है। बिल्हौर में शुक्रवार सुबह से हल्की बारिश हो रही है। इस दौरान बच्चे छाता लेकर स्कूल के लिए निकले। वहीं गुरुवार को तेज धूप और बढ़ती तपिश से लोग परेशान हुए। दोपहर होते-होते हालात ऐसे हो गए कि सड़कों पर निकलने वाले लोग गमछे, छाते और चेहरे को ढंककर ही बाहर निकल रहे हैं। 15 से 20 मई के बीच लू चलने की संभावना है, जिससे गर्मी और ज्यादा असर दिखा सकती है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया- आने वाले दिनों में तापमान व हीट इंडेक्स बढ़ेंगे। दिन में तेज धूप निकलेगा व लू भी चल सकती है। इसके अलावा मौसमी सिस्टम के अनुसार शाम के समय अचानक आंधी व बिजली चमक सकती है। मौसमी सिस्टम के अनुसार तय समय से चार से पांच दिन पहले मानसून दस्तक देगा। पढ़ें पूरी खबर… 5- VIP रोड पर टक्कर मारते हुए पलटी तेज रफ्तार कार: नशे में धुत थे तीन रईसजादे, विरोध पर मारपीट पर उतारू हुए वीआईपी रोड पर तेज रफ्तार कार कहर एक बार फिर देखने को मिला। नशे में धुत रईसजादों की आई–20 कार ने ग्रीनपार्क चौराहे के पास वैगनआर को टक्कर मारते हुए पलट गई, गनीमत रही कि हादसे में वैगनआर सवार सभी लोग बाल–बाल गए। कार बनवाने की बात कहने पर रईसजादे युवक से मारपीट पर आमादा हो गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत ग्वालटोली पुलिस से की। हरबंश मोहाल निवासी अमन जायसवाल ने बताया कि गुरुवार रात करीब 1:30 बजे अपने परिवार के साथ घर लौट रहे थे, सिक्का चौराहे से होते हुए वह ग्रीनपार्क चौराहे के पास पहुंचे ही थे, तभी रेव–3 की ओर से एक तेज रफ्तार आई–20 कार (UP 78GH 7546) आई, उनकी वैगनआर कार को टक्कर मारते हुए पलट गई। वैगनआर में सवार परिवार हादसे में बाल–बाल बच गया, लेकिन कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। पढ़ें पूरी खबर… 6- पत्नी के मर्डर में 2 साल से फरार पति अरेस्ट: सुप्रीम कोर्ट में पेश नहीं हो रहा था, बोला- हाईटेक जमाना होता तो जेल नहीं जाता
कानपुर में 1981 में अपनी पत्नी की हत्या के मामले में 2 साल से फरार चल रहे 25 हजार के इनामी हत्यारोपी पति को हरबंश मोहाल पुलिस ने शुक्लागंज स्थित कप्तान हाता से अरेस्ट कर लिया है। डीसीपी पूर्वी ने बताया कि 1984 में सेशन कोर्ट ने आरोपी को दोषी करार दिया था, हाईकोर्ट में अपील खारिज होने के बाद आरोपी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। 2023 में सुप्रीम कोर्ट ने ट्रालय के तहत आरोपी को रिहा करने के आदेश डिस्ट्रिक कोर्ट को दिए थे। सुनवाई के दौरान आरोपी सुप्रीम कोर्ट में हाजिर नहीं हो रहा था, जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने अपराधी को पकड़ने के आदेश जारी किए थे। पढ़ें पूरी खबर… 7- दुनिया का सबसे ऊंचा उड़ने वाला पक्षी अब कानपुर में: एवरेस्ट के ऊपर से उड़कर आता है ‘राजहंस’ दुनिया के सबसे ऊंचे पहाड़ माउंट एवरेस्ट के ऊपर से उड़ान भरने वाला और साइबेरिया की हाड़ कपा देने वाली ठंड को मात देने वाला खास मेहमान ‘बार-हेडेड गूज’ (राजहंस) इन दिनों कानपुर चिड़ियाघर की रौनक बढ़ा रहा है। स्थानीय भाषा में ‘सवन’ के नाम से मशहूर यह पक्षी अपनी अद्भुत शारीरिक क्षमता और लंबी दूरी के प्रवास के लिए पूरी दुनिया में वैज्ञानिकों के बीच कौतूहल का विषय रहता है। कानपुर चिड़ियाघर के वन्य जीव डॉक्टर नासिर ने बताया कि यह पक्षी कोई साधारण हंस नहीं है, बल्कि कुदरत का एक करिश्मा है। पढ़ें पूरी खबर… 8- रिटायर ट्यूबवेल ऑपरेटर ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान: लंबे समय से डिप्रेशन में चल रहे थे, गोविंदपुरी स्टेशन पर मिली बॉडी कानपुर के गोविंदपुरी रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह रिटायर ट्यूबवेल ऑपरेटर ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। मृतक की पहचान बर्रा-दो ईडब्ल्यूएस निवासी 63 वर्षीय प्रदीप कुमार के रूप में हुई है। वह जलकल विभाग में ट्यूबवेल ऑपरेटर के पद से करीब तीन साल पहले रिटायर हुए थे। परिजनों के मुताबिक प्रदीप लंबे समय से डिप्रेशन में थे और उनका इलाज भी चल रहा था। परिवार में पत्नी बबिता और दो बेटे संदीप व सुभाष हैं। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार सुबह प्रदीप कुमार कूड़ा फेंकने की बात कहकर घर से निकले थे। मना करने के बावजूद वह चुपचाप घर से चले गए और गोविंदपुरी रेलवे स्टेशन पहुंच गए, जहां उन्होंने ट्रेन के आगे कूदकर सुसाइड कर लिया। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। उन्हें लगा कि वह गोविंद नगर स्थित जलकल विभाग के ऑफिस गए होंगे। करीब दो घंटे बाद गोविंदपुरी जीआरपी ने परिवार को घटना की सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पढ़ें पूरी खबर… 9- वार्ड बॉय अंकित की हत्या का खुलासा: रुपए ट्रांसफर न करने पर गला घोंटा, शव गंगा में फेंका; मुख्य आरोपी गिरफ्तार कानपुर की चकेरी पुलिस ने वार्ड बॉय अंकित त्रिवेदी हत्याकांड का खुलासा करते हुए फरार चल रहे मुख्य आरोपी सत्यम मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे शुक्रवार को उन्नाव के बागरमऊ गांव से पकड़ा। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि चकेरी निवासी विष्णुचंद्र त्रिवेदी ने 17 अप्रैल को अपने बेटे 37 वर्षीय अंकित त्रिवेदी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। अंकित बाराबंकी के सिद्धौर ब्लॉक स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में वार्ड बॉय के पद पर तैनात था। 16 अप्रैल की शाम वह ड्यूटी से लौटने के बाद पत्नी से दोस्त के साथ फतेहपुर जाने की बात कहकर कार से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। जांच के दौरान उसकी कार फतेहपुर के हथगांव क्षेत्र में लावारिस मिली। पुलिस जांच में सामने आया कि अंकित के खाते में सरकारी नौकरी के चलते अच्छी रकम रहती थी, जिसे हड़पने के लिए आरोपियों ने साजिश रची थी। पढ़ें पूरी खबर… 10- कानपुर में 1350 मीट्रिक टन कूड़ा सड़कों पर पड़ा: जोन कार्यालयों में 65 गाड़ियां खड़ी, ताले जड़े; 6000 सफाई कर्मियों की हड़ताल नगर निगम की ओर से कानपुर शहर की सफाई व्यवस्था निजी हाथों में दिए जाने के विरोध में गुरुवार को सफाई कर्मचारियों ने शहर में सफाई का काम रोक दिया है। सफाई कर्मियों की हड़ताल से शहर में 1350 मीट्रिक टन कूड़ा सड़कों पर पड़ा रहा। शुक्रवार सुबह से सफाई कर्मियों ने जोन कार्यालय पर ताले जड़ दिये। कूड़ा उठाने वाले 65 वाहन खड़े रहे। पूरे शहर में 65 वाहनों से 1200 मीट्रिक कूड़ा उठाया जाता है और अविकसित इलाकों में करीब 150 मीट्रिक टन कूड़ा पड़ा रहता है, जिसको अगले दिन उठाया जाता है। हालांकि सफाई कर्मियों की ये हड़ताल कब खत्म होगी, इस बात की अफसरों को भी जानकारी नहीं है। पढ़ें पूरी खबर…


