नीमच शहर के नीमच सिटी थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर नायक समाज की बैठक के दौरान हंगामा हो गया। एक युवती ने समाज के अध्यक्ष सरदार सिंह नायक को थप्पड़ मार दिए। इतना ही नहीं युवती अध्यक्ष का कॉलर पकड़कर पूछा तू होता कौन है…। यह घटना नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर में हुई, जिसका वीडियो सामने आया है। जानकारी के अनुसार, जेतपुरा पालसोड़ा निवासी सरदार सिंह नायक रघुवंशी समाज के अध्यक्ष हैं। शुक्रवार को मंदिर परिसर में समाज की मासिक बैठक आयोजित की गई थी। इसी दौरान समाज की एक युवती वहां पहुंची। युवती ने आरोप लगाया कि अध्यक्ष सरदार सिंह ने उसके चरित्र और शादी समारोह में आने-जाने को लेकर समाज के लोगों के बीच अमर्यादित टिप्पणी की थी। युवती के पास इस बातचीत की एक रिकॉर्डिंग भी थी। बैठक में मौजूद लोगों के सामने ही युवती ने रिकॉर्डिंग का हवाला दिया और आक्रोशित होकर अध्यक्ष की कॉलर पकड़कर उन्हें थप्पड़ जड़ दिए। अचानक हुए इस घटनाक्रम से वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। कुछ लोगों ने तुरंत बीच-बचाव कर युवती को पीछे हटाया। घटनाक्रम का वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल से वीडियो बना लिया। वीडियो में युवती अध्यक्ष को थप्पड़ मारते हुए दिख रही है, जिसके बाद अन्य सदस्य बीच-बचाव करते हैं। यह वीडियो अब शहर में चर्चा का विषय बन गया है। पुलिस में शिकायत करने पहुंचे समाज अध्यक्ष घटना के तुरंत बाद अध्यक्ष सरदार सिंह नायक समाज के अन्य पदाधिकारियों के साथ नीमच सिटी थाने पहुंचे। उन्होंने युवती के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि महिला ने बैठक में आकर बिना वजह विवाद किया, मारपीट की और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि युवती उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रही है। अध्यक्ष की ओर से मिला आवेदन नीमच सिटी थाना प्रभारी पुष्पा चौहान ने बताया कि उन्हें समाज के अध्यक्ष की ओर से शिकायती आवेदन मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


