Bihar 60 Year Old Man Marries 22 Year Old Girl: बिहार के कटिहार जिले से एक ऐसी प्रेम कहानी सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी है। यहां 22 साल की एक युवती ने 60 वर्षीय बुजुर्ग से मंदिर में शादी रचा ली। दोनों के बीच करीब दो साल से प्रेम संबंध चल रहा था। अब इस अनोखी शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
दो साल से चल रहा था प्रेम संबंध
यह मामला कटिहार जिले के मनिहारी प्रखंड के बाघमारा पंचायत का बताया जा रहा है। गांव में रहने वाले 60 साल के सुग्रीम पासवान का पास के बोलिया पंचायत की 22 वर्षीय युवती से प्रेम संबंध था। उम्र में करीब 38 साल का अंतर होने के बावजूद दोनों एक-दूसरे के बेहद करीब आ गए थे।
पास के गांव में सुनसान इलाके में पकड़ा
ग्रामीणों के अनुसार, दोनों लंबे समय से एक-दूसरे से मिलते-जुलते थे। हालांकि परिवार और गांव के अधिकतर लोग इस रिश्ते से अनजान थे। बुधवार को कुछ ग्रामीणों ने दोनों को गांव के पास एक सुनसान जगह पर साथ देख लिया। इसके बाद पूरे गांव में इस रिश्ते की चर्चा शुरू हो गई।
पंचायत के सामने दोनों ने कबूला प्यार
ग्रामीण दोनों को पंचायत के सामने लेकर पहुंचे। वहां दोनों से अलग-अलग पूछताछ की गई कि क्या वे अपनी मर्जी से साथ रहना चाहते हैं। युवती और सुग्रीम पासवान ने बिना किसी झिझक के कहा कि वे एक-दूसरे से प्रेम करते हैं और शादी करना चाहते हैं। दोनों की सहमति मिलने के बाद गांव के लोगों ने फैसला किया कि अगर दोनों अपनी इच्छा से साथ रहना चाहते हैं तो उनकी शादी करवा दी जाए।
मंदिर में हुई शादी, ग्रामीण बने गवाह
इसके बाद गांव के मंदिर में आनन-फानन में शादी की तैयारियां शुरू कर दी गईं। पंडित को बुलाया गया और ग्रामीणों की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विवाह संपन्न कराया गया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि सुग्रीम पासवान युवती की मांग में सिंदूर भरते नजर आ रहे हैं। शादी के बाद युवती माथे पर बिंदी लगाकर मंदिर में भगवान के सामने हाथ जोड़कर आशीर्वाद लेती दिखाई देती है। इसके बाद दोनों एक-दूसरे के साथ मंदिर से बाहर निकलते नजर आते हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
शादी के दौरान गांव के कई लोगों ने मोबाइल से वीडियो और तस्वीरें रिकॉर्ड कीं। देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इंटरनेट पर लोग इस अनोखी प्रेम कहानी को लेकर अलग-अलग राय दे रहे हैं। कुछ लोग इसे सच्चे प्यार की मिसाल बता रहे हैं, तो कुछ लोग उम्र के बड़े अंतर को लेकर हैरानी जता रहे हैं। गांव की चौपाल से लेकर शहर की चाय की दुकानों तक इस शादी की चर्चा हो रही है।
युवती बोली- अपनी मर्जी से की शादी
युवती ने कहा कि उसने अपनी इच्छा से शादी की है और पिछले दो वर्षों से दोनों के बीच प्रेम संबंध था। उसने बताया कि परिवार को भी इस रिश्ते से कोई आपत्ति नहीं है। वहीं सुग्रीम पासवान ने भी कहा कि उन्हें अपने प्यार का साथ मिल गया है और अब दोनों खुशी-खुशी साथ रहेंगे।



(@ChapraZila)