धार स्थित भोजशाला-कमाल मौला मस्जिद मामले में शुक्रवार को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर बेंच द्वारा संभावित फैसले के मद्देनजर शाजापुर जिला प्रशासन और पुलिस अलर्ट पर है। शहर के संवेदनशील इलाकों में सुबह से ही अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस अफसरों द्वारा शहर में लगातार गश्त की जा रही है। अधिकारियों ने प्रमुख चौराहों, धार्मिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शुक्रवार होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था को विशेष रूप से मजबूत किया गया है, क्योंकि इस दिन मुस्लिम समुदाय द्वारा जुमे की नमाज अदा की जाती है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या अपुष्ट जानकारी साझा न करने की चेतावनी भी दी गई है। प्रशासन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और अन्य ऑनलाइन गतिविधियों पर लगातार निगरानी रख रहा है। शाजापुर कोतवाली टीआई संतोष वाघेला ने बताया कि शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम लगातार भ्रमण कर स्थिति पर नजर रख रही है।


