चंडीगढ़ के स्पोर्ट्स शोरूम में चोरी:35 लाख कैश और दो आईफोन ले गए चोर, रात को गश्त नहीं लगा पाई पुलिस

चंडीगढ़ के स्पोर्ट्स शोरूम में चोरी:35 लाख कैश और दो आईफोन ले गए चोर, रात को गश्त नहीं लगा पाई पुलिस

चंडीगढ़ के सेक्टर-7 स्थित एक स्पोर्ट्स शोरूम में चोरी की वारदात सामने आई है। तीन चोर शोरूम के ताले तोड़कर अंदर घुसे और करीब 35 लाख रुपए नकद व दो आईफोन चोरी कर फरार हो गए। हैरानी की बात यह रही कि इतनी बड़ी वारदात के दौरान रात में पुलिस गश्त होने के दावों के बावजूद चोर पुलिस की नजर में नहीं आए। चोर अलग-अलग बाइक पर सवार होकर आए थे। घटना सेक्टर-7 स्थित प्राइम स्पोर्ट्स और मेट्रो स्पोर्ट्स शोरूम की है। शोरूम मालिक राजेश बजाज ने बताया कि वह अपने भाई के साथ दोनों दुकानें चलाते हैं। वीरवार सुबह करीब 10 बजे जब वह कर्मचारियों के साथ शोरूम पहुंचे तो मेट्रो स्पोर्ट्स के ताले टूटे मिले। अंदर जाकर देखा तो गल्ले में रखे करीब 35 लाख रुपए और दो आईफोन गायब थे। कैश और आईफोन ले गए चोरों ने शोरूम में रखे महंगे स्पोर्ट्स सामान को हाथ तक नहीं लगाया। इससे पुलिस को शक है कि चोरों को पहले से जानकारी थी कि दुकान में बड़ी रकम रखी हुई है। घटना की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम नंबर-112 पर दी गई। सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि रात करीब 2 बजे तीन लोग मेटल कटर लेकर शोरूम में दाखिल हुए। चोर करीब 20 मिनट तक अंदर रहे और फिर नकदी से भरा बैग लेकर बाहर निकल गए। फुटेज में एक आरोपी हेलमेट पहनकर चेहरा छिपाए नजर आया, जबकि बाकी आरोपियों के चेहरे भी साफ दिखाई नहीं दिए। बेटे की शादी के रखे थे पैसे शोरूम मालिक राजेश बजाज ने पुलिस को बताया कि पिछले करीब सात दिनों से शोरूम की बिक्री की रकम दुकान में ही रखी हुई थी। उन्होंने बताया कि परिवार में बेटे की शादी की तैयारियां चल रही हैं, जिसके चलते वह काफी व्यस्त थे। शादी से जुड़े कामों और खरीदारी के कारण उन्हें बैंक जाकर नकदी जमा करवाने का समय नहीं मिल पाया। रोजाना की बिक्री के बाद कैश शोरूम के गल्ले और अंदर सुरक्षित जगह पर रखा जा रहा था। उन्हें अंदाजा नहीं था कि चोर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे देंगे। उन्होंने बताया कि चोरी हुई रकम में पिछले कई दिनों की बिक्री का कैश शामिल था। पुलिस को दिए बयान में उन्होंने कहा कि चोर सीधे उस जगह पहुंचे जहां नकदी रखी हुई थी, जबकि दुकान में मौजूद महंगे स्पोर्ट्स सामान को हाथ तक नहीं लगाया गया। इसी वजह से पुलिस को शक है कि आरोपियों को पहले से जानकारी थी कि शोरूम में बड़ी रकम रखी हुई है। पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं किसी करीबी या कर्मचारी ने चोरों को सूचना तो नहीं दी। करीबी या कर्मचारी पर शक पुलिस की शुरुआती जांच में किसी करीबी या कर्मचारी की भूमिका से इनकार नहीं किया जा रहा। इतनी बड़ी नकदी शोरूम में होने की जानकारी किसी अंदरूनी व्यक्ति को ही हो सकती है। इसी आधार पर पुलिस ने शोरूम के छह कर्मचारियों से पूछताछ की है। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-26 थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच, ऑपरेशन सेल और डिस्ट्रिक्ट क्राइम सेल की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और मोबाइल लोकेशन की जांच कर रही है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि चोरों ने पहले दुकान की रेकी की थी या नहीं और वारदात पूरी प्लानिंग के साथ की गई थी या नहीं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *