प्रयागराज में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न योजनाओं के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने क्रिटिकल गैप योजना, विधायक निधि योजना, सांसद निधि योजना, पूर्वांचल विकास निधि योजना और त्वरित आर्थिक विकास योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और तय समयसीमा में पूरे किए जाएं। बैठक में अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण एस.पी. मिश्रा ने बताया कि क्रिटिकल गैप योजना 2024-25 के तहत 8 कार्यों में से 6 पूरे हो चुके हैं, जबकि एक कार्य प्रगति पर है और एक भूमि विवाद के कारण शुरू नहीं हो सका है। वहीं वर्ष 2025-26 में 25 कार्यों में से 18 पूरे हो चुके हैं और 6 कार्य अगले 15 दिनों में पूरे हो जाएंगे। एक कार्य स्थल विवाद के कारण लंबित है। जिलाधिकारी ने लंबित और विवादित कार्यों को जल्द शुरू कराने के निर्देश देते हुए कहा कि संबंधित अधिकारी विवादों का समाधान कर निर्माण कार्यों में तेजी लाएं। विधायक निधि योजना के तहत वर्ष 2025-26 में स्वीकृत 222 कार्यों में 122 कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि 94 कार्य प्रगति पर हैं। 6 कार्य अभी शुरू नहीं हो सके हैं। इनमें एक कार्य में स्थल परिवर्तन और पांच कार्यों में धन वापसी की प्रक्रिया चल रही है। सांसद निधि योजना के अंतर्गत 48 कार्यों में से 22 पूरे हो चुके हैं और 26 कार्य निर्माणाधीन हैं। जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन कार्यों को गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही जिन योजनाओं में धन वापसी होनी है, उसकी कार्रवाई शीघ्र करने को कहा। उन्होंने पूर्वांचल विकास निधि और त्वरित आर्थिक विकास योजना के कार्यों की भी समीक्षा करते हुए कहा कि जिन परियोजनाओं की निविदाएं आमंत्रित की गई हैं, उन्हें जल्द खोला जाए और कार्य प्रारंभ कराए जाएं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विवादित परियोजनाओं में संबंधित उपजिलाधिकारी के साथ संयुक्त निरीक्षण कर समस्याओं का समाधान कराया जाए। बैठक में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी संतोष कुमार, अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण एस.पी. मिश्रा सहित कई संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


