गिरिडीह के जनरल स्टोर में लगी भीषण आग:देर रात दुकान से उठीं लपटें, सामान बचाने के प्रयास में पिता-पुत्र झुलसे, दमकल ने पाया काबू

गिरिडीह के जनरल स्टोर में लगी भीषण आग:देर रात दुकान से उठीं लपटें, सामान बचाने के प्रयास में पिता-पुत्र झुलसे, दमकल ने पाया काबू

गिरिडीह के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत पांडेयडीह स्थित निधि जनरल स्टोर में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। रात करीब एक बजे दुकान से अचानक धुआं और तेज लपटें निकलने लगीं। जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी फैल गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी होने की आशंका है। घटना के समय अधिकांश लोग सो रहे थे, लेकिन आग की तेज लपटें और धुएं को देखकर ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। दुकान संचालक को सूचना दी। आगजनी के बाद की तस्वीरें देखें… सामान बचाने के प्रयास में पिता-पुत्र झुलसे आग लगने की सूचना मिलते ही दुकान संचालक मनोहर कुमार मरीक, उनका परिवार और स्थानीय ग्रामीण आग बुझाने में जुट गए। इसी दौरान दुकान में रखे सामान को बचाने की कोशिश में मनोहर कुमार मरीक और उनके पुत्र विक्रम कुमार मरीक आग की चपेट में आकर झुलस गए। घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग को दी गई। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आग इतनी भीषण थी कि यदि समय पर दमकल नहीं पहुंचती, तो आग आसपास की अन्य दुकानों और मकानों तक फैल सकती थी। 5 लाख से अधिक का नुकसान इस अगलगी की घटना में दुकान में रखा लगभग पूरा सामान जलकर राख हो गया। नष्ट हुए सामान में 55 इंच का टीवी, दो मोबाइल फोन, दो फोटोकॉपी मशीन, चार फ्रिज सहित किराना दुकान का अन्य सभी सामान शामिल है। दुकानदार के अनुसार, इस घटना में पांच लाख रुपए से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। घायल पिता-पुत्र को तत्काल इलाज के लिए एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *