Raipur Crime News: रायपुर के प्राइम लोकेशन पर ज्वेलरी शॉप से 1 करोड़ की चोरी, सोता रहा गार्ड, सोने चांदी के जेवरात हो गए पार

Raipur Crime News: रायपुर के प्राइम लोकेशन पर ज्वेलरी शॉप से 1 करोड़ की चोरी, सोता रहा गार्ड, सोने चांदी के जेवरात हो गए पार

Raipur Crime News: राजधानी के प्राइम लोकेशन की ज्वेलरी दुकान में चोरों ने धावा बोला। आधी रात बाद दुकान में घुसे और करीब 1 करोड़ के सोने-चांदी के जेवरात, कैश व अन्य चीजें ले भागे। चोर शोरूम का लगभग पूरा माल लूट ले गए। घटना शनिवार को देररात 2 से तीन बजे के बीच की है। दुकानदार को सोमवार सुबह चोरी का पता चला। दुकान की सुरक्षा में चौकीदार भी तैनात किया गया था। वो सोता रहा और उसे इतनी बड़ी चोरी की उसे हवा तक नहीं लगी। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस कमिश्नर पहुंचे।

आरोपियों की तलाश में क्राइम ब्रांच की चार अलग-अलग टीमें लगी हैं। पुलिस के मुताबिक वंश कुमार मुरपानी की शंकर नगर टर्निंग से पहले कुछ दूरी पर लक्ष्य ज्वेलर्स के नाम से सराफा दुकान है। शनिवार की रात 9.15 बजे रोज की तरह दुकान बंद करके वे घर चले गए। इसके बाद सोमवार को दुकान खोलने पहुंचे, तो शटर के दोनों ताले गायब थे। दुकान के भीतर गए, तो उनके होश उड़ गए।

दुकान के शोकेश में रखे सोने-चांदी के गहने गायब थे। उनके डिब्बे जमीन पर पड़े थे। अज्ञात चोर उनकी दुकान से जेवरों के अलावा सोने-चांदी के सिक्के, बिस्कुट व कैश ले भागे थे। दुकान से चोर आधा किलो से अधिक के सोने के जेवर, बिस्कुट और 15 किलो से अधिक के चांदी के जेवर, गलाकर रखे गए सोना-चांदी, कैश 15 हजार आदि ले गए हैं। इसकी प्रारंभिक कीमत पुलिस 90 लाख रुपए मान रही है, लेकिन 1 करोड़ से अधिक की चोरी बताया जा रहा है।

फुटेज में दो चोर नजर आए

चोरी करने वालों ने पहले दुकान के शटर के दोनों तालों को कटर या ब्लेड से काटा। दोनों कटे हुए ताले घटनास्थल के बगल में कचरे पर मिला है। दुकान में सीसीटीवी कैमरे में दो युवक नजर आ रहे हैं। दोनों शनिवार की रात करीब 2 बजे भीतर घुसे हैं। इसके बाद करीब आधे घंटे बाद झोला लेकर बाहर निकले हैं। झोले में गहने भरे थे। इसके बाद दोनों शंकर नगर इलाके में निकले गए।

गार्ड को रविवार को नहीं चला पता

लक्ष्य ज्वेलर्स की निगरानी के लिए संचालकों ने एक सुरक्षा गार्ड लगाया था। चोरी के समय गार्ड सर्वेंट रूम में सोने चला गया था। इस वजह से चोरी का पता नहीं चला। चोर शनिवार की रात 2 से 3 बजे के बीच चोरी करके फरार हो गए। रविवार को दुकान बंद रहता है। उस दिन उसी कॉम्पलेक्स में निर्माण संबंधी काम चल रहा था। इस कारण रविवार को दिनभर मजदूरों और अन्य लोगों का आना-जाना रहा, लेकिन किसी को खबर तक नहीं लगी। चौकीदार को रविवार को भी दुकान में चोरी का पता नहीं चल सका, जबकि शटर के दोनों तालों को तोड़कर फेंक दिया गया था। न ही दुकानदारों को इसका पता चला। सोमवार को जब दुकान खोलने पहुंचे, तब उन्हें चोरी की जानकारी हुई।

फॉरेसिंक एक्सपर्ट ने लिया फिंगरप्रिंट

सोमवार को चोरी की सूचना मिलने पर पुलिस कमिश्नर डॉक्टर संजीव शुक्ला भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान फॉरेसिंक एक्सपर्ट, डॉग स्क्वॉड आदि की टीम भी मौजूद रही। फॉरेसिंक एक्सपर्ट को घटना स्थल पर चोरों के फिंगरप्रिंट मिले हैं। इसके आधार पर डॉग स्क्वॉड ने आसपास के इलाकों में चोरों के भागने के रूट का पता लगाया। पुलिस डॉग कालीनगर की गलियों तक गया। आशंका है कि चोरी करने वाले कालीनगर होते हुए फरार हुए हैं।

मेनरोड की दुकान,देररात तक चहल-पहल

ज्वेलरी दुकान लोधीपारा से शंकर नगर मेन रोड पर स्थित है। ज्वेलरी दुकान जिस कॉम्पलेक्स में है, उसके आसपास बैंक, अस्पताल सहित अन्य बड़े शोरूम हैं। इस मार्ग में देर रात तक चहल-पहल रहती है। ऐसे में भी चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। इसमें लोकल के साथ बाहरी चोर गैंग के शामिल होने की आशंका है। आमतौर पर बड़े ज्वेलरी शॉप में बाहरी चोर गिरोह ही वारदात करते हैं। फिलहाल पुलिस ने कई संदिग्धों और पुराने चोरों से पूछताछ शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों चोरों का पता लगाया जा रहा है।

-सोमवार सुबह चाेरी की जानकारी हुई
-मौके पर पहुंचे रायपुर पुलिस कमिश्रर

-आधा किलो सोना, 15 किलो चांदी गायब
-दो चोरों की जानकारी मिल रही है सीसीटीवी में

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *