संभल में नाली विवाद पर पथराव, 10 से अधिक घायल:पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली, जांच शुरु

संभल में नाली विवाद पर पथराव, 10 से अधिक घायल:पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली, जांच शुरु

संभल जिले में नाली के पानी को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई। इस घटना में दोनों पक्षों के 10 से अधिक लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर डायल 112 और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। उक्त घटना जनपद संभल के थाना असमोली क्षेत्र के गांव चंदवार में शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे हुई। रामवीर पुत्र फूल सिंह और विनोद पुत्र करन सिंह, जिनके मकान एक ही गली में आमने-सामने हैं, के बीच घर के आगे से गुजर रही नाली के पानी को लेकर कहासुनी हो गई। यह कहासुनी जल्द ही झगड़े में बदल गई और रात 11 बजे तक लगभग 40 मिनट तक दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी चलती रही। गांव में पत्थरबाजी की खबर फैलते ही अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही डायल 112 की दो टीमें और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बवाल कर रहे दोनों पक्षों को शांत कराया और गांव में शांति बनाए रखने की चेतावनी दी। पुलिस ने घटनास्थल पर छानबीन की। पुलिस ने रात में ही दोनों पक्षों के 10 से अधिक घायल लोगों को मेडिकल जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। घायलों में से तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि यह झगड़ा नाली के पानी के विवाद को लेकर हुआ था। रामवीर पक्ष के पांच और करन सिंह पक्ष के तीन लोग घायल हुए थे, जिन्हें मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया था। क्षेत्रीय पुलिस चौकी प्रभारी को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *