बरेली के सीबीगंज थाना पुलिस ने परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में हुई तांबा चोरी का खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। बुधवार तड़के बंडिया नहर के पास हुई पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके एक साथी को घेराबंदी कर दबोच लिया गया। बदमाशों के पास से चोरी का तांबा, नकदी और अवैध असलहे बरामद हुए हैं। दीवार के नीचे सुरंग बनाकर की थी चोरी मामला 28 अप्रैल का है, जब सिविल लाइन्स निवासी शिवानी जैन की फर्म पद्मावती एसोसिएट्स के गोदाम से करीब 2 टन कॉपर स्क्रैप चोरी हो गया था। शातिर चोरों ने गोदाम के भीतर घुसने के लिए दीवार के पास जमीन में गहरी सुरंग खोदी थी। चोरी हुए माल की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई थी। घटना के बाद से ही पुलिस की कई टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी थीं। घेराबंदी देख पुलिस पर झोंका फायर एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चोरी का माल बेचने के लिए तीन बदमाश ई-रिक्शा से झुमका तिराहा की ओर आ रहे हैं। पुलिस ने बंडिया नहर के पास चेकिंग बढ़ाई तो संदिग्ध ई-रिक्शा दिखाई दिया। पुलिस को देख बदमाशों ने भागने की कोशिश की, जिससे उनका रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए। महेशपुर के रहने वाले हैं तीनों आरोपी पुलिस ने मौके से निजाम (24 वर्ष), अब्दुल समी (22 वर्ष) और मोहम्मद खालिद (55 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। ये तीनों ही थाना सीबीगंज के महेशपुर गांव के रहने वाले हैं। घायल निजाम और अब्दुल समी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। चोरों के पास से ये सामान हुआ बरामद पुलिस टीम ने बदमाशों के कब्जे से पद्मावती एसोसिएट फर्म से चोरी किया गया 65 किलोग्राम तांबे का तार बरामद किया है। इसके अलावा इनके पास से दो तमंचे 315 बोर, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और कुल 13,000 रुपये नकद मिले हैं। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया ई-रिक्शा भी जब्त कर लिया है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य नेटवर्क और बचे हुए माल की बरामदगी के प्रयास कर रही है। आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जा रही है।


