सजेती कस्बे में बुधवार सुबह नेशनल हाईवे पर हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। इस दुर्घटना में एक राहगीर भी घायल हो गया। सूचना मिलने पर सजेती पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया, जबकि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह उस समय हुआ जब कोटरा मकरंदपुर निवासी शिवा (28) अपनी बाइक से सजेती स्थित एक दुग्ध डेरी व स्वीट हाउस से निकला था। बताया जा रहा है कि वह शौच के लिए जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आए किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा भिड़ी। हादसे में शिवा गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुग्ध डेरी संचालक अनिल कुमार ने बताया कि शिवा रोज की तरह सुबह दुकान से निकला था। कुछ देर बाद तेज आवाज सुनाई दी और लोगों ने देखा कि बाइक ट्रक में फंसी थी तथा शिवा सड़क पर पड़ा था। इसी दौरान किरार गांव में एक शादी समारोह से बैंड बजाकर पैदल लौट रहे बिलगवां निवासी राजन (20) पुत्र दुर्गा प्रसाद भी हादसे की चपेट में आ गए। टक्कर के बाद सड़क पर फैले मलबे और अफरा-तफरी के बीच वह घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घाटमपुर भेजा, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक शिवा के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने परिजनों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जानकारी देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


