पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं पर जीरो टॉलरेंस:कलेक्टर ने विकास कार्यों में समन्वय, सफाई मिशन मोड पर करने के दिए निर्देश

पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं पर जीरो टॉलरेंस:कलेक्टर ने विकास कार्यों में समन्वय, सफाई मिशन मोड पर करने के दिए निर्देश

बूंदी में सोमवार को जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव की अध्यक्षता में हुई आवश्यक सेवाओं की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में पेयजल, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा व्यवस्था और गेहूं खरीद जैसे अहम मुद्दों पर सख्त रुख अपनाया गया। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि आमजन की सुविधाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और सभी विभाग समन्वय के साथ तय समय सीमा में गुणवत्ता पूर्ण कार्य सुनिश्चित करें। विकास कार्यों में समन्वय पर जोर जिला कलेक्टर ने शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ कार्य योजना बनाकर काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे कार्य समय पर पूरे होंगे और शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। वन क्षेत्र में स्थानीय पौधों को बढ़ावा उपवन संरक्षक को निर्देश दिए गए कि जिले के वन क्षेत्रों से जूली फ्लोरा हटाकर स्थानीय प्रजाति के पेड़-पौधे लगाए जाएं। इसका उद्देश्य पर्यावरण संतुलन बनाए रखते हुए वन क्षेत्र को अधिक हरा-भरा बनाना है। पर्यटन को बढ़ावा: नवल सागर में जल्द शुरू होगा शो पर्यटन विकास के तहत नवल सागर में निर्माणाधीन लाइट एंड साउंड शो को जल्द पूरा कर आमजन के लिए शुरू करने के निर्देश दिए गए, ताकि जिले में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके। सफाई व्यवस्था मिशन मोड में नगर परिषद आयुक्त को शहर की सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए मिशन मोड में काम करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने टीम गठित कर अलग-अलग ब्लॉकों में अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपने और सड़कों से निराश्रित पशुओं को तुरंत हटाने के निर्देश भी दिए। गर्मी से राहत के लिए विशेष तैयारी भीषण गर्मी और लू को देखते हुए सभी चिकित्सा संस्थानों में मरीजों के लिए छाया, पेयजल और कूलर की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही ओआरएस और आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश भी दिए गए। पेयजल व खाद्य गुणवत्ता पर सख्ती आमजन को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पानी के सैंपल की नियमित जांच और बाजारों में बिकने वाली आइसक्रीम की सैंपलिंग करने के निर्देश दिए गए, ताकि स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों को रोका जा सके। गेहूं उठाव में तेजी के निर्देश समर्थन मूल्य पर चल रही गेहूं खरीद की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने खरीदी गई फसल का उठाव जल्द कराने के निर्देश दिए। इसके लिए जिला रसद अधिकारी और परिवहन अधिकारी को समन्वय बनाकर अतिरिक्त वाहनों की व्यवस्था करने को कहा गया। बैठक में बारदाने की उपलब्धता की भी जानकारी ली गई और व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने पर जोर दिया गया। बैठक में ये रहे मौजूद बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर रामकिशोर मीणा, उप वन संरक्षक (आरवीटीआर) अरुण कुमार डी., मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओपी सामर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *