कोटा। मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट से एक दिन पहले कोचिंग छात्र के आत्महत्या करने के मामले में नया खुलासा हुआ है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें छात्र सुसाइड से पहले हॉस्टल की छठी मंजिल पर सामान्य रूप से टहलता नजर आ रहा है। मामले में सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें छात्र ने खुद को परिवार की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाने की बात लिखी है।
मृतक दीक्षित (20) उत्तराखंड के अल्मोड़ा का रहने वाला था और पिछले एक साल से कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र के लैंडमार्क इलाके स्थित एक हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी कर रहा था। पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह करीब 5 बजे वह हॉस्टल के गलियारे में हेडफोन लगाकर टहलता हुआ सीसीटीवी में दिखाई दिया।
यह वीडियो भी देखें :
सुसाइड से पहले बोतल में पानी भरा
इस दौरान वह पानी की बोतल भरते हुए भी नजर आया। कुछ देर बाद वह छठी मंजिल से कूद गया। घटना के बाद वह काफी देर तक नीचे पड़ा रहा। हॉस्टल स्टाफ की नजर पड़ने पर उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सुसाइड नोट में क्या लिखा?
पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है, जिसमें लिखा है ‘मैं परिवार की कसौटी पर खरा नहीं उतर पाया। मम्मी-पापा सॉरी… दोस्तों धन्यवाद।’
अल्मोड़ा से कोटा पहुंचे छात्र के परिजन
छात्र के परिजन रविवार सुबह अल्मोड़ा से कोटा पहुंचे। पुलिस ने उनकी मौजूदगी में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। छात्र के पिता भूपेंद्र प्रसाद ने बताया कि 1 मई को उनकी आखिरी बार बेटे से बात हुई थी और वह बिल्कुल सामान्य था। उसे किसी प्रकार का तनाव नहीं था और पढ़ाई में भी अच्छा था।
पहले गिरने की थी आशंका
सीआइ देवेश भारद्वाज ने बताया कि शुरुआती सूचना में गिरने की आशंका थी,लेकिन सीसीटीवी फुटेज देखने पर स्पष्ट हुआ कि यह आत्महत्या का मामला है। पुलिस सुसाइड नोट और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


