आजमगढ़ में ट्रक ने कार को मारी टक्कर, मौत:हादसे में युवक के दोनों पैर कटे, बिहार के रहने वाले थे दोनों

आजमगढ़ में ट्रक ने कार को मारी टक्कर, मौत:हादसे में युवक के दोनों पैर कटे, बिहार के रहने वाले थे दोनों

आजमगढ़ जिले के पवई थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 190 किलोमीटर पर गुरुवार देर रात एक सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में बिहार निवासी एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक के दोनों पैर कट गए। जानकारी के अनुसार, लखनऊ से बिहार जा रही एक डिजायर कार पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सड़क किनारे सुरक्षित लेन में खड़ी थी। कार सवार लोग पेशाब करने के लिए वाहन से उतर रहे थे, तभी पीछे से आ रहे आलू लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। ट्रक कार को रौंदते हुए आगे बढ़ गया। हादसे में कार के बाहर खड़े ओंकार नाथ मिश्र (38), पुत्र गंगा सागर मिश्र, निवासी बभनगवा, थाना नाऊ कोठी, जिला बेगूसराय (बिहार) ट्रक के पहिए के नीचे आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दूसरे युवक सुधांशु शेखर चौधरी (28), पुत्र सुमन नाथ चौधरी, निवासी पूर्णिया (बिहार), भी ट्रक की चपेट में आ गए और उनके दोनों पैर कट गए। कार में बैठे अन्य लोगों को हल्की चोटें आई हैं। सभी घायलों का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद पवई पुलिस ने आलू लदे ट्रक और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। चालक की पहचान रमेश सिंह, पुत्र देवनाथ सिंह, निवासी गौतम नगरा, थाना सरैनी, जिला रायबरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। चालक ने पुलिस को बताया कि वह फर्रुखाबाद से आलू लेकर आजमगढ़ जा रहा था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *