मिर्जापुर के विंध्याचल परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) आरपी सिंह ने गुरुवार को थाना कोतवाली देहात का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान आईजी ने ग्राम प्रहरियों को साइकिल, टॉर्च और लाठी वितरित कीं तथा आवश्यक निर्देश दिए। आईजी ने थाना परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई, व्यवस्थाओं और कार्यालयी कार्यप्रणाली का गहन अवलोकन किया। उन्होंने अपराध रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, भूमि विवाद रजिस्टर, बीट सूचना रजिस्टर और महिला बीट रजिस्टर सहित विभिन्न अभिलेखों की जांच की और उन्हें अद्यतन तथा सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। आईजी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि थाने पर आने वाले प्रत्येक पीड़ित और शिकायतकर्ता की समस्या को विनम्रतापूर्वक सुना जाए। उनके प्रार्थना पत्रों को विधिवत दर्ज कर शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने शस्त्रों के रख-रखाव और नियमित साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला हेल्प डेस्क पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए कि वे फरियादियों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनकर उनका शीघ्र समाधान करें। साथ ही, एंटी रोमियो टीम को अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर मुनेन्द्र पाल सिंह, क्षेत्राधिकारी लाइन यातायात गायत्री यादव और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात अमित कुमार मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


