शादी से इनकार करने पर घर में घुस आया सनकी आशिक, मां-बेटी का किया कत्ल, खुद पर किया हमला

शादी से इनकार करने पर घर में घुस आया सनकी आशिक, मां-बेटी का किया कत्ल, खुद पर किया हमला

महाराष्ट्र के पालघर जिले (Palghar News) के विरार (Virar Double Murder) में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक 27 वर्षीय युवक ने अपनी प्रेमिका और उसकी मां की चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद पर भी हमला कर आत्महत्या की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, आरोपी और मृतक युवती नैन्सी के बीच पिछले दो साल से प्रेम संबंध था। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

फ्लैट के अंदर बंद कर किया हमला

यह घटना विरार (पश्चिम) के बोलिंज थाना क्षेत्र (Bolinj Police Station) के एक फ्लैट में हुई। बोलिंज पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रकाश कावले के मुताबिक, आरोपी शिवम उपाध्याय सुबह फ्लैट पर पहुंचा और मां-बेटी से झगड़ा करने लगा। इसके बाद उसने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और दोनों पर कई बार चाकू से हमला किया। हमले में सईदा मिश्रा (50) और उनकी बेटी नैन्सी (25) की मौके पर ही मौत हो गई।

शादी का दबाव बना रहा था आरोपी

जांच में सामने आया है कि आरोपी नैन्सी से शादी करना चाहता था, लेकिन उसकी मां इस रिश्ते के खिलाफ थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तनाव चल रहा था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी शिवम उपाध्याय दसवीं पास है और एक दुकान में काम करता है।

खुद पर भी किया हमला, हालत गंभीर

दोनों की हत्या करने के बाद आरोपी ने खुद पर भी धारदार चीज से हमला कर लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। फिलहाल उसे मुंबई के जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस

घटना के दौरान फ्लैट से चीख-पुकार सुनकर पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो आरोपी ने दरवाजा नहीं खोला, जिसके बाद दमकल विभाग की मदद से दरवाजा तोड़कर अंदर जाया गया।

हत्या का मामला दर्ज, जांच जारी

बोलिंज पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और घटना के हर पहलू को खंगाला जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *