MI vs SRH Match Highlights: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में बुधवार रात मुंबई इंडियंस को एसआरएच के हाथों 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा है। 244 रन के विशाल लक्ष्य को भी नहीं बचा पाने पर हताश हार्दिक पंड्या ने अपने फील्डर्स को दोषी ठहराया है, जिन्होंने कैच छोड़कर मौके गंवा दिए।
MI vs SRH Match Highlights: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के 41वें मैच में मुंबई के 244 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने बुधवार रात 6 विकेट से जीत दर्ज की। 9 में से 6 मैच जीतकर एसआरएच प्वाइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि एमआई 8 में से 6 मैच गंवाकर 9वें पायदान पर है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मिली इस हार के बाद कप्तान हार्दिक पंड्या काफी निराश नजर आए। मैच के बाद उन्होंने कहा कि हम अपनी योजनाओं को ठीक से लागू नहीं कर पाए। जब आप मौके भुना नहीं पाते तो थोड़ा दुख होता है।
‘मुझे अपने गेंदबाजों पर भरोसा था’
ओस और एसआरएच की ओपनिंग पार्टनरशिप की वजह से यह कितना मुश्किल था? इस सवाल पर पंड्या ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि ओस ने कोई खास भूमिका निभाई, बस उन्होंने कुछ अच्छे शॉट्स खेले, हमने कुछ खराब गेंदें डालीं और उन्होंने बहुत तेजी से शुरुआत की। हमने वापसी की कोशिश की, लेकिन वह काफी नहीं था। बैटिंग पिछले मैचों के मुकाबले बेहतर लग रही है? इस पर उन्होंने कहा कि हां, आज मैदान पर मुझे बहुत अच्छा लगा। 244 रन, मुझे अपने गेंदबाजों पर भरोसा था कि वे इसे रोक लेंगे, लेकिन आज का दिन कुछ और ही था, हम अपनी योजनाओं को ठीक से लागू नहीं कर पाए। आखिरी तीन गेंदों को छोड़कर मुझे खुद भी गेंदबाजी में बहुत मजा आया, लेकिन उसके अलावा, मैंने सच में बहुत एन्जॉय किया।
‘…तो थोड़ा दुख होता है’
फील्डिंग में छूटे हुए मौके के लेकर पंड्या ने कहा कि यह सीजन कुछ ऐसा ही रहा है। जब आपको कुछ मौके मिलते हैं और आप उन्हें भुना लेते हैं, तभी किस्मत और मोमेंटम बदलता है। अगर आप ऐसा नहीं करते, तो थोड़ा दुख होता है, लेकिन फिर भी ठीक है। सभी लड़कों ने बहुत अच्छी कोशिश की। उन्होंने अपना सब कुछ झोंक दिया, लेकिन बात नहीं बनी।
‘हमारे पास ज्यादा विकल्प नहीं हैं’
आप गेंदबाजी से जुड़ी समस्याओं को कैसे सुलझाएंगे? इस पर उन्होंने कहा कि इस सीजन में हमारे पास ज्यादा विकल्प नहीं हैं, हमें सच में यह देखना होगा कि हम क्या-क्या बदलाव कर सकते हैं। मैं अपने गेंदबाजों को दोष नहीं दूंगा। एक यूनिट के तौर पर, हम वह नहीं कर पाए हैं, जिसके लिए मुंबई इंडियंस जानी जाती है। हमें सच में यह देखना होगा कि हमें किन-किन चीजों पर काम करने की जरूरत है। हमारे मालिक बहुत जुनूनी हैं, हमारा सपोर्ट स्टाफ भी बहुत जुनूनी है। हम हमेशा कोई न कोई रास्ता निकाल ही लेते हैं।
‘जब दर्शक विरोधी टीम के नारे लगाने लगते हैं तो…’
वहीं, दर्शकों के समर्थन को लेकर पंड्या ने कहा कि हमने उन्हें हमारा समर्थन करने के ज्यादा मौके नहीं दिए हैं। वे बहुत वफादार रहे हैं। वे जबरदस्त रहे हैं। कभी-कभी दुख होता है, जब विरोधी टीम आती है और दर्शक उनके नाम के नारे लगाने लगते हैं। हमें उनका और ज्यादा मनोरंजन करना होगा, ताकि हमें उनका प्यार और भरोसा मिलता रहे।
Sports – Patrika | CMS





