MI vs SRH: मैच से ठीक पहले हुआ कुछ ऐसा, काली पट्टी बांधकर उतरी मुंबई इंडियंस, बेहद दुखद है वजह

MI vs SRH: मैच से ठीक पहले हुआ कुछ ऐसा, काली पट्टी बांधकर उतरी मुंबई इंडियंस, बेहद दुखद है वजह

Mumbai Indians vs Sunrisers Hyderabad, IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 41वां मुक़ाबला मुंबई इंडियंस (MI) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला जा रहा है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियाम में खेले जा रहे इस मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी बांह पर काली पट्टी बांधकर मैदान में उतरे हैं।

इस वजह से मुंबई ने बंधी काली पट्टी

दरअसल, मुंबई इंडियंस के एक सपोर्ट स्टाफ सदस्य की बेटी के अचानक हुए निधन के कारण टीम के खिलाड़ी दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े हैं। फ्रेंचाइजी ने एक संक्षिप्त संदेश के जरिए इसकी पुष्टि की। मुंबई इंडियंस ने एक बयान में कहा, “हमारे सपोर्ट स्टाफ की बेटी के आकस्मिक निधन के कारण, मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी आज परिवार की याद और उनके साथ एकजुटता दिखाने के लिए काली पट्टी बांधेंगे।”

इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। सीनियर बल्लेबाज और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण टीम से बाहर हैं। वानखेड़े स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुंबई इंडियंस की एक बड़ी परीक्षा होगी, क्योंकि आईपीएल 2026 में उनका भविष्य अधर में लटका हुआ है।

मुंबई इंडियंस ने अब तक अपने 7 में से सिर्फ दो ही मैच जीते हैं। यह टीम आईपीएल 2026 की प्वाइंट्स टेबल में 9वें पायदान पर मौजूद है। प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए उन्हें अपनी किस्मत बदलने की सख्त जरूरत है। दूसरी तरफ, सनराइजर्स हैदराबाद 8 में से 5 मुकाबले जीतकर प्वाइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर है। इस टीम ने अपने पिछले 4 मुकाबलों में जीत दर्ज की है। एसआरएच की कोशिश जीत के सिलसिले को जारी रखने की होगी।

मुंबई इंडियंस ने किए कई बदलाव

हैदराबाद के खिलाफ टॉस जीतने के बाद कप्तान हार्दिक पांड्या ने कहा, “हम पहले बल्लेबाजी करेंगे। पिच अच्छी लग रही है, हवा चल रही है और थोड़ी ठंड भी है। मुझे नहीं लगता कि ओस कोई दिक्कत पैदा करेगी। हमारे लिए यह जरूरी था कि हम खुद को फिर से सेट करें और चीजों को ज्यादा मुश्किल न बनाएं। मिचेल (सेंटनर) बदकिस्मत रहे, और आज क्विनी (क्विंटन डी कॉक) भी नहीं खेल रहे हैं, उन्हें कलाई में चोट लग गई थी। टीम में कुछ बदलाव हैं। (रेयान) रिकेल्टन के साथ (रॉबिन) मिंज भी टीम में आए हैं।”

दूसरी ओर, सनराइजर्स हैदराबाद की टीम सिर्फ एक बदलाव के साथ इस मैच में उतरी है। एसआरएच के कप्तान पैट कमिंस ने कहा, “टॉस जीतकर हम पहले गेंदबाजी ही करते, इसलिए हम खुश हैं। यह पिच आपसे कुछ अलग करने की मांग कर सकती है। हमारी टीम में सिर्फ एक बदलाव है। शिवांग की जगह हर्ष दुबे टीम में आए हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *