बेंगलुरु (Bengaluru) में एक पीजी में भीषण आग लगने का मामला हाल ही में सामने आया है। यह हादसा शहर के नंदिनी लेआउट इलाके में रविवार रात को हुआ। एक एलईडी बैनर गोदाम में अचानक आग भड़क उठी, जो तेज़ी से पास ही स्थित महिलाओं के चार मंजिला पीजी तक फैल गई। इस पीजी में करीब 50 महिलाएं रहती थीं, जो नौकरी के लिए शहर में रह रही थीं। आग की लपटें इतनी तेज़ी से फैली कि धुआं पीजी के अंदर घुस गया और महिलाओं का सांस लेना मुश्किल हो गया।
जान बचाने के लिए 50 महिलाएं बिल्डिंग से कूदीं
आग लगने के समय कई महिलाएं सो रही थीं या अपने कमरों में आराम कर रही थीं। अचानक आग लगने से चीख-पुकार मच गई। नीचे से आग की लपटें ऊपर की ओर बढ़ रही थीं और बाहर निकलने का रास्ता ब्लॉक हो गया। घबराहट में फंसी महिलाओं ने जान बचाने के लिए एक खतरनाक रास्ता अपनाया। महिलाएं बिल्डिंग से कूद गईं। आसपास के लोगों ने मदद के लिए चादरें और सीढ़ियाँ लगाकर युवतियों को नीचे उतरने में मदद की, जबकि कई महिलाएं खुद ही कंपाउंड वॉल फांदकर नीचे पहुंच गईं।
सभी महिलाओं की बची जान
इस हादसे में सभी 50 महिलाओं की जान बच गई। हालांकि कुछ महिलाओं को बिल्डिंग से कूदने की वजह से चोट ज़रूर लगी। हालांकि आग की वजह से आसपास खड़ी कई गाड़ियाँ जलकर राख हो गईं और पड़ोस की कुछ इमारतों को भी नुकसान पहुंचा। फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
किस वजह से लगी आग?
शुरुआती जांच के अनुसार आग लगने की संभावित वजह शॉर्ट सर्किट को बताया जा रहा है, जिससे गोदाम में रखे सामान ने आग पकड़ ली, जो आसपास फैल गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


