कभी इस वजह से काटने वाला था हाथ, अब हो रही टीम इंडिया में एंट्री की मांग, IPL 2026 में कहर बरपा रहे मोहसिन खान

Mohsin Khan 5 Wicket, KKR vs LSG, IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के मोहसिन खान कोई ताम-झाम वाले गेंदबाज नहीं हैं। आज के दौर में जहां गेंदबाज दुनिया भर की वैरायटी आजमाते हैं, वहां यह बाएं हाथ का गेंदबाज सिर्फ अपने सटीक लाइन और लेंथ पर भरोसा करता है। रविवार को इकाना स्टेडियम में मोहसिन ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के टॉप ऑर्डर को अपनी उंगलियों पर नचाया और आईपीएल 2026 का पहला फाइव विकेट हॉल (5 विकेट) अपने नाम किया।

क्या है मोहसिन की गेंदबाजी में

मैच की पहली गेंद से ही मोहसिन एकदम लय में थे। उनकी सबसे बड़ी ताकत है उनका एंगल और लेंथ, वो न तो ज्यादा आगे फेंकते हैं और न ही ज्यादा पीछे। ऊपर से 140 kmph की रफ़्तार उन्हें और भी खतरनाक बना देती है। कोच जस्टिन लैंगर भी उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे। मोहसिन सिर्फ तेज ही नहीं फेंकते, बल्कि उनके पास क्रिकेट माइंड भी है। जब उन्हें लगा कि रहाणे बड़े शॉट के लिए जगह बना रहे हैं, तो उन्होंने तुरंत अपनी पहली स्लोअर गेंद फेंकी और रहाणे को आउट कर दिया।

आंकड़े दे रहे हैं गवाही

मोहसिन ने इस सीजन में सिर्फ 4 मैच खेले हैं और 9 विकेट चटकाए हैं। उनके आंकड़े इस समय IPL में सबसे बेहतरीन हैं। उनकी इकॉनमी 6.37 (सबसे किफायती) है, औसत उनका 11.33 का है। वो अब तक 51% डॉट बॉल (हर दूसरी गेंद पर कोई रन नहीं) डाल चुके है।

जब हाथ कटने की नौबत आई!

मोहसिन की यह कामयाबी इसलिए बड़ी है क्योंकि 2022 के बाद उन्हें एक ऐसी गंभीर बीमारी (Vascular Aneurysm) हुई थी कि उनका बॉलिंग वाला हाथ काटने तक की बात आ गई थी। उन्होंने महीनों मेहनत की, फिटनेस पर काम किया और भारत अरुण की एकेडमी में पसीना बहाया। मोहसिन ने खुद कहा, ‘मैं अब पूरी तरह फिट हूं और मेरी बॉडी बहुत अच्छा महसूस कर रही है।’

टीम इंडिया का अगला बड़ा नाम

जस्टिन लैंगर का मानना है कि मोहसिन खान बहुत जल्द नीली जर्सी (टीम इंडिया) में नजर आ सकते हैं। ऋषभ पंत को भी उन पर इतना भरोसा था कि उन्होंने 11वें ओवर में ही उनका स्पेल खत्म करवाया और मोहसिन ने भी निराश नहीं किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *