Mau News: सरकारी धन के गबन में चर्चित ग्राम विकास अधिकारी अनुपमा सिंह निलंबित

Mau News: सरकारी धन के गबन में चर्चित ग्राम विकास अधिकारी अनुपमा सिंह निलंबित

Mau News: मऊ जिले के परदहां ब्लॉक अंतर्गत हरपुर ग्राम पंचायत में विकास कार्यों में अनियमितताओं के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। ग्राम विकास अधिकारी अनुपमा सिंह को निलंबित कर दिया गया है, जबकि ग्राम प्रधान तारा देवी के वित्तीय अधिकारों पर रोक लगा दी गई है। यह कार्रवाई करीब 20.14 लाख रुपये के व्यय का संतोषजनक विवरण प्रस्तुत न किए जाने के बाद की गई।

मामले की जांच गांव निवासी भगत सिंह की शिकायत पर गठित टीम द्वारा की गई थी। जिला कृषि अधिकारी और जल निगम के अवर अभियंता के नेतृत्व में टीम ने 12 नवंबर 2025 को मौके पर पहुंचकर कार्यों का भौतिक सत्यापन और अभिलेखों की जांच की। जांच के दौरान कई ऐसे कार्य सामने आए, जो धरातल पर नहीं मिले, लेकिन उनके नाम पर भुगतान किया गया था।

बगैर काम हुए उतारा गया धन राशि

रिपोर्ट में पाया गया कि प्राथमिक विद्यालय से एक मकान तक इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण के लिए दो अलग-अलग मदों से भुगतान किया गया। इसके अलावा कई कार्यों में बिना बिल-बाउचर और माप पुस्तिका के धनराशि खर्च दिखायी गई। कुछ मामलों में मजदूरी के नाम पर भुगतान दर्शाया गया, लेकिन उसका कोई प्रमाण नहीं मिला।

जांच में यह भी सामने आया कि नाली और खड़ंजा निर्माण के बिना ही लाखों रुपये खर्च दिखाए गए। इंटरलॉकिंग कार्यों में भी कागजी हेरफेर कर अतिरिक्त भुगतान का मामला प्रकाश में आया। कई मदों में धनराशि का लेखा-जोखा उपलब्ध नहीं कराया गया, जिससे वित्तीय अनियमितताओं की पुष्टि हुई।
प्रशासन की ओर से दोनों पक्षों को स्पष्टीकरण का अवसर दिया गया था, लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने पर कार्रवाई की गई। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *