खरगोन में 5 देसी पिस्टल बरामद, 2 आरोपी गिरफ्तार:पुणे और बुरहानपुर के आरोपी पकड़ाए, पुलिस खरीदने-बेचने के पूरे नेटवर्क के बारे में पूछताछ करेगी

खरगोन में 5 देसी पिस्टल बरामद, 2 आरोपी गिरफ्तार:पुणे और बुरहानपुर के आरोपी पकड़ाए, पुलिस खरीदने-बेचने के पूरे नेटवर्क के बारे में पूछताछ करेगी

खरगोन के सनावद में अवैध हथियारों का परिवहन करते हुए महाराष्ट्र और बुरहानपुर के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान घेराबंदी कर उन्हें पकड़ा और उनके पास से पांच देसी पिस्टल जब्त कीं। यह कार्रवाई सनावद में निर्माणाधीन इंदौर-इच्छापुर हाईवे ब्रिज के नीचे की गई। पुलिस के अनुसार, वाहन चेकिंग के दौरान एक स्कूटी पर सवार दो लोगों को रोका गया। नाकाबंदी देखकर वे भागने लगे, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुणे के अम्बेगांव खुर्द कात्रज निवासी आकाश और बुरहानपुर के शाहपुर निवासी नयन के रूप में हुई है। उनकी स्कूटी की डिक्की से पांच देसी पिस्टल बरामद हुईं। जब्त किए गए अवैध हथियारों की कीमत 1.25 लाख रुपये और स्कूटी की कीमत 60 हजार रुपये आंकी गई है। नेटवर्क का खुलासे के लिए पूछताछ जारी
खरगोन की एडिशनल एसपी शकुंतला रूहल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्राथमिक पूछताछ में यह जानकारी सामने आई है कि उन्होंने ये अवैध फायर आर्म्स सिगनूर के सिकलीगर से खरीदे थे। सनावद थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव के मुताबिक, आरोपियों की पुलिस रिमांड ली जाएगी ताकि हथियार खरीदने और बेचने के पूरे नेटवर्क की गहनता से जांच की जा सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *