नोएडा में श्रमिकों के लिए हेल्पलाइन शुरू:कॉल सेंटर बनाकर शिकायतों के तुरंत निवारण, इस 0120-4126892 पर करे शिकायत

नोएडा में श्रमिकों के लिए हेल्पलाइन शुरू:कॉल सेंटर बनाकर शिकायतों के तुरंत निवारण, इस 0120-4126892 पर करे शिकायत

हाल ही में हुए श्रमिकों के हिंसक आंदोलन के बाद जिला प्रशासन ने श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए बड़ा कदम उठाया है। प्रशासन की ओर से एक विशेष कॉल सेंटर स्थापित किया गया है, जहां श्रमिक अपनी शिकायतें सीधे दर्ज करा सकेंगे। इसका उद्देश्य श्रमिकों की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी निवारण सुनिश्चित करना है।
ये नंबर और आईडी पर करे शिकायत यह कॉल सेंटर सेक्टर-3 स्थित अपर श्रमायुक्त कार्यालय में बनाया गया है। प्रशासन ने इसके लिए एक हेल्पलाइन नंबर 0120-4126892 जारी किया है, जिस पर श्रमिक अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं। इसके अलावा, श्रमिक ईमेल के माध्यम से भी अपनी समस्याएं भेज सकते हैं। इसके लिए complaint.dlcnoida@gmail.com आईडी उपलब्ध कराई गई है।
तुरंत किया जाएगा निवारण प्रशासन का कहना है कि कॉल सेंटर में प्राप्त होने वाली हर शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे शिकायतों के निस्तारण में देरी न करें और श्रमिकों को किसी प्रकार की असुविधा न होने दें। अधिकारियों के अनुसार, यह पहल श्रमिकों और प्रशासन के बीच संवाद को मजबूत करेगी और भविष्य में किसी भी प्रकार के विवाद या आंदोलन की स्थिति को रोकने में मददगार साबित होगी।
समस्या के लिए दर्ज कराए शिकायत गौरतलब है कि बीते दिनों नोएडा में वेतन वृद्धि और अन्य मांगों को लेकर श्रमिकों ने कई स्थानों पर प्रदर्शन किया था, जिनमें कुछ जगहों पर हालात हिंसक भी हो गए थे। इस घटना के बाद प्रशासन पर श्रमिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेने का दबाव बढ़ा था।
अब इस कॉल सेंटर के जरिए प्रशासन ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि श्रमिकों की आवाज सुनी जाएगी और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। अधिकारियों ने श्रमिकों से अपील की है कि वे किसी भी समस्या के लिए हिंसक रास्ता अपनाने के बजाय इस हेल्पलाइन का उपयोग करें और अपनी शिकायत दर्ज कराएं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *