महासमुंद जिला मुख्यालय में तहसील कार्यालय के सामने सड़क किनारे बंद पड़ी एक कार से पुलिस ने लगभग 15 से 20 किलो गांजा बरामद किया है। यह गांजा ओडिशा से तस्करी कर लाया जा रहा था और तीन थाना क्षेत्रों को पार कर महासमुंद पहुंचा था, जहां कार के अचानक बंद पड़ने से इसका खुलासा हुआ। यह घटना मंगलवार रात करीब 9:15 बजे नेशनल हाईवे 353 पर तहसील कार्यालय के सामने हुई। महाराष्ट्र पासिंग कार (MH 31 DC 2140) अचानक बंद हो गई, जिसमें सवार दो युवक उसे स्टार्ट करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान, हाईवे पर गश्त कर रही पेट्रोलिंग टीम की नजर कार पर पड़ी। महाराष्ट्र की कार होने पर पुलिस ने की पूछताछ महाराष्ट्र नंबर प्लेट और युवकों के संदिग्ध व्यवहार को देखते हुए पुलिस ने उनसे पूछताछ शुरू की। दोनों युवक घबराए हुए थे और संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए, जिससे पुलिस का शक गहरा गया। तलाशी के दौरान, कार की पिछली सीट के नीचे खाकी टेप से लिपटे हुए गांजे के पैकेट मिले। लगभग एक-एक किलो के 15 से 20 पैकेट बरामद किए गए। पेट्रोलिंग टीम ने तत्काल साइबर सेल को सूचना दी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। कार बंद होने के कारण, पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से वाहन को धक्का देकर सिटी कोतवाली तक पहुंचाया। इसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की गई। करीब दो साल पहले भी इसी तरह की एक घटना सामने आई थी, जब ओडिशा से गांजा लेकर आ रही एक कार खल्लारी थाना क्षेत्र पार करने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। उस समय भी मौके पर पहुंची पुलिस को कार से गांजा मिला था, जबकि आरोपी फरार हो गए थे।


