आखिरी 23 गेंदों में 82 रन ठोक तिलक वर्मा ने रचा इतिहास, मुंबई इंडियस के लिए जड़ा सबसे तेज सैकड़ा

आखिरी 23 गेंदों में 82 रन ठोक तिलक वर्मा ने रचा इतिहास, मुंबई इंडियस के लिए जड़ा सबसे तेज सैकड़ा

Fastest 100 For Mumbai Indians in IPL: आईपीएल 2026 के तीसरे मुकाबले में तिलक वर्मा ने करियर का पहला शतक ठोक दिया। उन्होंने 45 गेंद में चौकों-छक्कों की मदद से 101 रन की नाबाद पारी खेली। तिलक वर्मा की इस मुकाबले में शुरुआत काफी धीमी रही और पहले 22 गेंद में वह सिर्फ 19 रन बना पाए थे, लेकिन इसके बाद अगली 23 गेंद में उन्होंने 82 रन बनाकर अपने आईपीएल करियर का पहला शतक जड़ दिया। साथ ही वह मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज के तौर पर संयुक्त रूप से सबसे तेज शतक लगाने वालों में शामिल हो गए।

दीपक-शार्दुल का कटा पत्ता

इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मुंबई इंडियंस ने बड़ा बदलाव करते हुए शार्दुल ठाकुर और दीपक चाहर को प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया। क्विंटन डी कॉक और दानिश मालेवार ने पारी की शुरुआत की, लेकिन दोनों सलामी बल्लेबाजों को कगिसो रबाडा ने सस्ते में निपटा दिया।

इसके बाद भी रबाडा का कहर जारी रहा। उन्होंने सूर्यकुमार यादव को बोल्ड कर पावरप्ले में मुंबई इंडियंस को तीसरा झटका दिया। इसके बाद नमन धीर और तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला और टीम को 100 रन के करीब पहुंचाया। 13 ओवर में 96 रन के स्कोर पर नमन धीर 45 रन बनाकर प्रसिद्ध कृष्णा का शिकार हुए, जबकि हार्दिक पंड्या भी 15 रन बनाकर आउट हो गए।

इस दौरान तिलक वर्मा ने एक छोर संभाले रखा और अपने आईपीएल करियर का पहला शतक जड़ दिया। उन्होंने 45 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। इससे पहले साल 2008 में सनथ जयसूर्या ने 45 गेंद में ही सैकड़ा जड़ा था। गुजरात टाइटंस की ओर से मोहम्मद सिराज सबसे किफायती गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 25 रन देकर 1 विकेट हासिल किया। वहीं कगिसो रबाडा ने 4 ओवर में 33 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा की जमकर धुनाई हुई और उन्होंने 4 ओवर में 54 रन देकर 1 विकेट लिया।

राशिद खान भी लौटे खाली हाथ

इसके अलावा अशोक शर्मा ने एक ही ओवर में 26 रन दिए, लेकिन कुल 3 ओवर में 38 रन देकर रिकवरी कर ली। वहीं राशिद खान को कोई सफलता नहीं मिली और उन्होंने 4 ओवर में 31 रन दिए। अब मुंबई इंडियंस को लगातार पांचवीं हार से बचने के लिए 199 रन के लक्ष्य को डिफेंड करना होगा, जिसकी जिम्मेदारी मिशेल सेंटनर, कृष भगत, जसप्रीत बुमराह और अल्लाह गजनफर पर होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *