उज्जैन के नागझिरी थाना क्षेत्र के करौंदिया गांव स्थित गुप्ता की खदान में नहाने गए नौ दोस्तों में से दो की डूबने से मौत हो गई। सोमवार शाम 5 बजे से उनके शवों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें SDRF और होमगार्ड की टीमें जुटी रहीं। यह घटना सोमवार की है। जानकारी के अनुसार, सभी दोस्त खदान में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान करीब 50 फीट गहरी खदान में दो युवक अचानक गहरे पानी में चले गए और बाहर नहीं निकल सके। सूचना मिलने पर प्रशासन हरकत में आया और शाम करीब 5 बजे से सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन में होमगार्ड और SDRF की दो टीमें लगाई गईं, जिन्होंने कई घंटों तक लगातार खोजबीन की। पानी के अंदर तलाश के लिए अंडरवाटर रेस्क्यू कैमरा का भी उपयोग किया गया। डूबने वाले युवकों की पहचान अनस (16 वर्ष), पिता हामिद, निवासी अशोकनगर, और शुभम (17 वर्ष), पिता किरण जाटव, निवासी उज्जैन के रूप में हुई है। होमगार्ड एवं SDRF जिला उज्जैन के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट संतोष कुमार जाट ने बताया कि टीम ने पूरी तत्परता के साथ ऑपरेशन चलाया। उन्होंने कहा कि खदान की अधिक गहराई और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के कारण बचाव संभव नहीं हो सका। शवों की तलाश जारी है। देखिए रेस्क्यू ऑपरेशन की तस्वीरें…


