Rajasthan: शादी में गए डॉक्टर की संदिग्ध हालात में मौत, कुएं में अर्धनग्न शव मिला, मौके से जूते व खून से सनी शर्ट मिली

Rajasthan: शादी में गए डॉक्टर की संदिग्ध हालात में मौत, कुएं में अर्धनग्न शव मिला, मौके से जूते व खून से सनी शर्ट मिली

बांसवाड़ा। जिले के एक डॉक्टर मोहित मछार की प्रतापगढ़ में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका अर्धनग्न शव रविवार सुबह बोरी पी गांव के एक कुएं से बरामद हुआ। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके साथ ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। यहां से शव को बांसवाड़ा के जिला चिकित्सालय ले जाया गया। जहां परिजनों की ओर से मामला दर्ज कराया गया। पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, बांसवाड़ा जिले के डूंगरा छोटा क्षेत्र के मछारसाथ गांव के 28 वर्षीय डॉ. मोहित 14 अप्रेल को अपनी बहन के घर बड़ोदिया आए थे। 15 अप्रेल को वह एक मित्र की शादी में शामिल होने प्रतापगढ़ के पीपलखूंट थाना क्षेत्र के बोरी पी गांव गए। उसी रात करीब 11 बजे के बाद उनका मोबाइल बंद हो गया और परिजनों से संपर्क टूट गया। परिजनों ने तलाश के बाद कलिंजरा और पीपलखूंट थानों में गुमशुदगी दर्ज कराई।

कुएं से दुर्गंध आने पर ग्रामीणों को हुआ शक

इसी बीच गांव के पास एक कुएं से दुर्गंध आने पर ग्रामीणों को शक हुआ। मौके पर जाकर देखने पर कुएं में एक अर्धनग्न शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पीपलखूंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां एकत्र हो गए। सूचना पर उसके परिजन भी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने शरीर पर चोट के निशान होने के कारण हत्या की आशंका जताई है।

कोटा से एमबीबीएस, राजसमंद में कर रहे थे काम

पीपलखूंट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम बांसवाड़ा के एमजी अस्पताल में करवाया व परिजनों को सौंपा। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। मोहित मछार ने कोटा से एमबीबीएस किया था और वर्तमान में राजसमंद में एक एनजीओ के साथ कार्यरत थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *