फर्रुखाबाद में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार से सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा के लिए जनपद के 10 श्रद्धालुओं के दल को रवाना किया। इस दौरान मंत्रोच्चार के बीच सभी यात्रियों का माल्यार्पण किया गया। जिलाधिकारी ने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह यात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ हमारी सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने यात्रियों से अनुशासन और मर्यादा का पालन करते हुए यात्रा को सफल बनाने का आह्वान किया।
यह दल लखनऊ जाएगा, जहां मुख्यमंत्री प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए श्रद्धालुओं को एकत्रित कर विशेष ट्रेन से सोमनाथ के लिए रवाना करेंगे। यह यात्रा शासन की एक महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहल का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य प्रदेशवासियों को देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों से जोड़ना है।
जनपद फर्रुखाबाद से इस यात्रा में त्रिलोकी नाथ वर्मा, चेतन भारती, शांति, सुरेंद्र कुमार पांडेय, राकेश कुमार सारस्वत, यतीन्द्र प्रकाश दुबे, निहारिका पटेल, पं. अजय पाल, राकेश और अंकुर कुमार कश्यप शामिल हैं। सहायक आयुक्त उद्योग सोनाली सिंह को यात्रा दल की नोडल अधिकारी नामित किया गया है, जो पूरी यात्रा के दौरान समन्वय और व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगी। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उन्होंने भी यात्रियों को शुभकामनाएं दीं और यात्रा के सफल संचालन की कामना की।


