ओवरब्रिज पर बाइक से टक्कर के बाद युवक की पिटाई:सतना में जाम लगा; एक घायल अस्पताल में भर्ती

ओवरब्रिज पर बाइक से टक्कर के बाद युवक की पिटाई:सतना में जाम लगा; एक घायल अस्पताल में भर्ती

सतना शहर में शुक्रवार देर शाम रेलवे ओवरब्रिज पर एक सड़क हादसे के बाद मारपीट की घटना सामने आई। इस दौरान एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और ओवरब्रिज पर लंबा जाम लग गया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, ओवरब्रिज पर दो बाइक सवारों के अचानक टकरा जाने से वे अनियंत्रित हो गए। इस हादसे में उमरी निवासी राजन उरमलिया गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घायल राजन उरमलिया ने मौके पर मौजूद दूसरे बाइक चालक सिद्धू उरमलिया को पकड़ लिया और अपने साथियों को फोन कर मौके पर बुला लिया। बताया जा रहा है कि राजन के साथी मौके पर पहुंचते ही एक पुलिसकर्मी की मौजूदगी में ही सिद्धू उरमलिया के साथ मारपीट करने लगे। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिससे ओवरब्रिज पर लंबा जाम लग गया और यातायात बाधित हो गया। मौके पर मौजूद एक पुलिसकर्मी ने स्थिति को संभालने की कोशिश की और तत्काल कोतवाली थाना पुलिस को सूचना दी। अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों को थाने ले जाया गया। हादसे में घायल राजन उरमलिया को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *