मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी 2026 में शामिल होने वाले दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए), नई दिल्ली ने अहम सुविधा शुरू की है। नोटिफिकेशन के तहत स्क्राइब (लेखन सहायक) रजिस्ट्रेशन पोर्टल को सक्रिय कर दिया गया है, जिस पर विद्यार्थी अपने स्वयं चयनित स्क्राइब की जानकारी अपलोड कर सकेंगे। एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा के अनुसार, इस बार प्रक्रिया को और व्यवस्थित व पारदर्शी बनाने के लिए पोर्टल आधारित प्रणाली लागू की गई है। दिव्यांग विद्यार्थियों को अपने चुने हुए स्क्राइब की पूरी जानकारी निर्धारित प्रारूप में ऑनलाइन जमा करनी होगी। उन्होंने बताया कि स्क्राइब रजिस्ट्रेशन की आखिरी तारीख 21 अप्रैल रात 11:50 बजे तक निर्धारित की गई है। इसके बाद किसी भी प्रकार का संशोधन संभव नहीं होगा, इसलिए विद्यार्थियों को समय रहते प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है। चार चरणों में पूरी होगी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया
एनटीए द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार स्क्राइब रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया चार चरणों में पूरी होगी। सबसे पहले अभ्यर्थी को नोटिफिकेशन में दिए गए लिंक के माध्यम से अपने नीट-यूजी 2026 के एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड से लॉग-इन करना होगा। इसके बाद ‘रजिस्टर स्क्राइब डिटेल्स’ विकल्प पर क्लिक करना होगा, जो केवल उन्हीं विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध होगा जिन्होंने पहले स्वयं स्क्राइब चुनने का विकल्प चुना था। तीसरे चरण में स्क्राइब से संबंधित सभी आवश्यक विवरण भरकर सबमिट करने होंगे। अंतिम चरण में सबमिट की गई जानकारी होम पेज और कंफर्मेशन पेज पर प्रदर्शित होगी, जिसके बाद विद्यार्थियों को आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस पहल से दिव्यांग विद्यार्थियों को परीक्षा प्रक्रिया में अधिक सहूलियत मिलेगी और पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी।


