इन दो बड़े शेयरों ने Gold को भी छोड़ा पीछे, पिछले 1 साल में दिया सोने से ज्यादा रिटर्न, अभी भी बाकी है दम

इन दो बड़े शेयरों ने Gold को भी छोड़ा पीछे, पिछले 1 साल में दिया सोने से ज्यादा रिटर्न, अभी भी बाकी है दम

Return from Gold: अगर पिछले एक साल का हिसाब-किताब देखें तो तस्वीर बिल्कुल साफ है। जहां शेयर बाजार ने निवेशकों को ज्यादा खुश नहीं किया, वहीं सोने ने कमाल कर दिया। हालात ऐसे बने कि लोग जोखिम से दूर भागे और सेफ हैवन एसेट्स की तरफ मुड़ गए। इसका फायदा सोने ने उठाया। अक्षय तृतीया 2025 के बाद से सोने ने जोरदार रिटर्न दिया है। दुनिया भर में तनाव, युद्ध जैसे हालात और आर्थिक अनिश्चितता ने निवेशकों को डराया। ऐसे में लोगों ने सोने पर भरोसा जताया। केंद्रीय बैंकों ने भी जमकर खरीदारी की। नतीजा ये हुआ कि सोना फिर से “मुश्किल वक्त का साथी” साबित हुआ।

सोने ने 1 साल में दिया 62% रिटर्न

अब जरा शेयर बाजार की हालत समझिए। निफ्टी 50 जहां सिर्फ 0.7% चढ़ा, वहीं सोना करीब 62% उछल गया। यानी सीधी भाषा में कहें तो शेयर बाजार रेंगता रहा और सोना दौड़ता रहा। यह फर्क बताता है कि निवेशकों का भरोसा फिलहाल इक्विटी से ज्यादा सुरक्षित निवेश में है।

सिर्फ दो शेयर ही टिक पाए सोने के सामने

निफ्टी 50 के 50 शेयरों में से सिर्फ दो ही ऐसे शेयर रहे जिन्होंने रिटर्न के मामले में सोने को मात दी है। ये हैं श्रीराम फाइनेंस और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज। श्रीराम फाइनेंस करीब 69% उछला और हिंडाल्को ने लगभग 67.7% का रिटर्न दिया। बाकी दिग्गज जैसे टाटा स्टील और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स अच्छे चले, लेकिन सोने से आगे नहीं निकल पाए।

श्रीराम फाइनेंस ने दिया जबरदस्त रिटर्न

श्रीराम फाइनेंस ने निवेशकों को जबरदस्त रिटर्न दिया है। पिछले 5 साल में यह शेयर 275% तक चढ़ चुका है। टेक्निकल चार्ट भी यही कहानी बता रहा है। तेजी बनी हुई है और अगर यह 1040 के ऊपर मजबूती से निकलता है तो आगे और उछाल दिख सकता है।

हिंडाल्को भी पीछे नहीं

रिटर्न के मामले में हिंडाल्को भी पीछे नहीं है। 5 साल में इसने करीब 179% का रिटर्न दिया है। हालांकि, इसमें थोड़ी सावधानी जरूरी है। 1010 रुपये के ऊपर टिके रहने पर ही इसमें अगली तेजी की उम्मीद मजबूत होगी। वरना हल्की कमजोरी दिख सकती है।

आगे क्या रहेगा ट्रेंड?

विशेषज्ञों का मानना है कि 2026 में भी सोने की चमक बरकरार रह सकती है। अगर महंगाई और आर्थिक सुस्ती साथ-साथ चलती है या तेल सस्ता रहता है, तो सोना और मजबूत हो सकता है। एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 5300 से 5500 डॉलर तक जा सकता है। भारत में कीमत 1.7 लाख रुपये से 1.85 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *