PM Modi Trump Talk: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हाल ही में फोन पर बातचीत हुई थी। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच क्या बात हुई, इसको लेकर ट्रंप ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि उनकी पीएम नरेंद्र मोदी से फोन पर बहुत अच्छी बातचीत हुई।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने पीएम मोदी को अपना दोस्त बताते हुए कहा कि बातचीत बेहद सकारात्मक रही। मीडिया से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि मैंने उनसे बहुत अच्छी बात की। वह भारत से मेरे मित्र हैं और शानदार काम कर रहे हैं। हमारी बातचीत बहुत अच्छी रही।
पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर की चर्चा
बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच मंगलवार को बातचीत हुई थी। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका के द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की और पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की।
पीएम नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग में हुई प्रगति की समीक्षा की गई और व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर सहमति बनी। साथ ही पश्चिम एशिया में हालात पर चर्चा करते हुए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खुला और सुरक्षित बनाए रखने की अहमियत पर जोर दिया गया।
सूत्रों के मुताबिक, बातचीत के अंत में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पीएम मोदी से कहा, हम सभी आपसे प्यार करते हैं। यह जानकारी भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने साझा की।
बताया जा रहा है कि इस साल दोनों नेताओं के बीच यह तीसरी बातचीत थी। इससे पहले 2 फरवरी को व्यापार समझौते को लेकर और 24 मार्च को पश्चिम एशिया की स्थिति पर दोनों के बीच चर्चा हो चुकी है। हालिया बातचीत ईरान-अमेरिका के बीच हुई शांति वार्ता के बाद पहली कॉल मानी जा रही है।
लेबनान को लेकर क्या बोले ट्रंप
इस दौरान उन्होंने लेबनान को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। ट्रंप ने कहा कि इजरायल और लेबनान को लेकर एक सीजफायर अरेंजमेंट बन रहा है और इसमें हिज़्बुल्लाह भी शामिल हो सकता है। उन्होंने कहा कि वे सभी सहमत हैं, यह लगभग एक हफ्ते के लिए एक बहुत अच्छा छोटा पैकेज है।
हिजबुल्लाह के बारे में ट्रंप ने कहा कि उन्हें सीजफायर का पालन करने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि वे करेंगे।


