CBSE LOC Submission Last Date 2026: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10वीं के नतीजों की घोषणा के तुरंत बाद दूसरी बोर्ड परीक्षा की तैयारियां तेज कर दी हैं। बोर्ड ने सभी स्कूलों को छात्रों की लिस्ट यानी एलओसी जमा करने के निर्देश जारी किए हैं। इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया 16 अप्रैल से शुरू हो गई है। खास बात यह है कि स्कूलों को यह पूरा प्रोसेस कम्पलीट करने के लिए महज 5 दिनों का समय दिया गया है। सीबीएसई ने साफ कर दिया है कि अंक सुधार के लिए आवेदन करने वाले स्टूडेंट्स की लिस्ट स्कूलों को 20 अप्रैल 2026 तक हर हाल में सबमिट करनी होगी। इसके बाद पोर्टल बंद कर दिया जाएगा।
CBSE LOC Full Form: LOC क्या है?
एलओसी का अर्थ है ‘लिस्ट ऑफ कैंडिडेट्स’ (List of Candidates)। यह उन छात्रों की एक आधिकारिक लिस्ट होती है जो बोर्ड परीक्षा में शामिल होने जा रहे हैं। इसमें छात्र का नाम, जन्मतिथि और चुने गए सब्जेक्ट्स जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां होती हैं। इसी डेटा के आधार पर रोल नंबर और एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे। दूसरी बोर्ड परीक्षा के लिए केवल उन्हीं स्टूडेंट्स को इस लिस्ट में शामिल किया जाएगा जो अपने स्कोर इम्प्रूवमेंट के लिए दोबारा एग्जाम देना चाहते हैं।
CBSE LOC Submission Last Date: स्कूलों के लिए जारी हुईं गाइडलाइन्स
सीबीएसई ने दूसरी बोर्ड परीक्षा के लिए कुछ कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिनका पालन करना स्कूलों के लिए कंपलसरी है-
- आवेदन की प्रक्रिया: स्टूडेंट्स खुद ऑनलाइन फॉर्म नहीं भर सकते, उन्हें स्कूल के माध्यम से ही एलओसी में अपनी डिटेल्स भेजनी होगी।
- योग्यता के नियम: इस परीक्षा में केवल वे छात्र बैठ सकते हैं जिन्होंने पहली बोर्ड परीक्षा दी थी और वे अपनी परफॉर्मेंस में सुधार करना चाहते हैं।
- विषयों की सीमा: एक छात्र अधिकतम 3 सब्जेक्टस् में अंक सुधार के लिए दूसरी बोर्ड परीक्षा दे सकता है।
- अंतिम तिथि: एलओसी जमा करने की विंडो 20 अप्रैल 2026 को बंद हो जाएगी। इसके बाद किसी भी स्टूडेंट का नाम शामिल नहीं किया जा सकेगा।
CBSE 10th Improvement Exam Date: मई में आयोजित होगी परीक्षा
सीबीएसई 10वीं की यह दूसरी बोर्ड परीक्षा मई 2026 में आयोजित की जानी है। बोर्ड का उद्देश्य उन स्टूडेंट्स को एक और मौका देना है जो किसी कारणवश पहले सेशन में बेहतर प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। बता दें कि इस साल 10वीं का कुल पास प्रतिशत 93.70 रहा है, जिसमें पिछले वर्षों के मुकाबले आंशिक सुधार देखा गया है। जो अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाना चाहते हैं, उन्हें तुरंत अपने स्कूल से संपर्क कर इस सूची में अपना नाम दर्ज कराना होगा।


