बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर गांव में मंगलवार रात एक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। यह घटना घर में बने गेहूं भंडारण कक्ष की सफाई के दौरान हुई। मृतकों की पहचान ग्राम प्रधान विद्यावती के पति सुरेंद्र (65) पुत्र सीताराम और गांव निवासी कैलाश (35) पुत्र देवीसाय के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों गेहूं भंडारण कक्ष की सफाई के लिए अंदर उतरे थे। अंदर उतरते ही कक्ष में बनी गैस के कारण दोनों अचानक बेहोश हो गए। उन्हें बचाने के प्रयास में एक अन्य युवक भी अंदर गया, जिसकी तबीयत भी बिगड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल तीनों को बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिलग्राम पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने सुरेंद्र और कैलाश को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरे युवक का इलाज जारी है। हादसे की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी बिलग्राम और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में बंद स्थान में बनी जहरीली गैस को हादसे का कारण माना जा रहा है।


