सहारनपुर के चिलकाना थाना क्षेत्र स्थित संगमौर गांव के पास मंगलवार को ईंट-भट्ठे पर बड़ा हादसा हो गया। यहां खेल रहे पांच बच्चों पर अचानक मिट्टी की ढांग भरभराकर गिर गई, जिससे सभी बच्चे नीचे दब गए। मौके पर मौजूद मजदूरों ने कड़ी मशक्कत कर बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दो मासूमों की मौत हो चुकी थी, जबकि तीन अन्य बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, संगमौर गांव के नजदीक स्थित ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले मजदूरों के बच्चे मिट्टी उठने से बनी खाई के पास खेल रहे थे। इसी दौरान ऊपर जमा मिट्टी की ढांग अचानक ढह गई और सभी बच्चे उसकी चपेट में आ गए। बच्चों के दबते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास काम कर रहे मजदूर दौड़ पड़े और हाथों से मिट्टी हटाकर बच्चों को बाहर निकाला। हादसे में जावेद (8) पुत्र नसीम और अमिया (11) पुत्री हारून की मौके पर ही मौत हो गई। तीन अन्य घायल बच्चों को परिजन आनन-फानन में सहारनपुर के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार, मृतकों के परिजनों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शवों को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। एएसपी एवं थानाध्यक्ष सिमरन सिंह ने बताया कि परिवारों ने आपसी सहमति से कानूनी कार्रवाई से इंकार किया है। बताया जा रहा है कि ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले अधिकांश मजदूर शामली जिले के कांधला क्षेत्र के रहने वाले हैं। ये परिवार पिछले करीब 10 वर्षों से बच्चों के साथ भट्ठे पर रहकर मजदूरी कर रहे हैं और बरसात के मौसम में अपने गांव लौट जाते हैं। हादसे के बाद पूरे भट्ठा परिसर में मातम पसरा है।


